दिल्ली में राष्ट्रपति को ज्ञापन देने वाले बसपा सांसदों के प्रतिनिधिमंडल में बिजनौर लोकसभा से सा
- फोटो : BIJNOR
बिजनौर। बिजनौर से लोकसभा सांसद मलूक नागर और नगीना से सांसद गिरीश चंद के साथ बसपा सांसदों के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलकर नागरिकता संशोधन कानून वापस कराने की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शांति से प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस बर्बरता रोकी जाए। दोषी पुलिसवालों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। इस संबंध में संसद के दोनों सदनों के सदस्यों के हस्ताक्षरयुक्त एक ज्ञापन भी राष्ट्रपति को सौंपा गया।
बुधवार को प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के सामने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर पूरे देश में जबर्दस्त आक्रोश है और जगह-जगह पर इसके खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्वक रूप से प्रदर्शन करने वाले छात्रों और अध्यापकों पर पुलिस द्वारा बर्बरता की जा रही है। हाल ही में जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में हुई हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस विश्वविद्यालय प्रशासन की अनुमति के बिना कैँपस में घुस गई और पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं पर बर्बरतापूर्वक कार्रवाई की। इसमें कई छात्र घायल हो गए। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, नदवा कॉलेज लखनऊ व अन्य जगहों पर छात्र-छात्राओं पर हुए पुलिस उत्पीड़न व लाठीचार्ज की न्यायिक जांच कराने और उचित कार्रवाई की मांग की।