बसपा सांसद ने अपनी निधि से 50 लाख राहत कोष में दिए
धामपुर। नगीना लोकसभा क्षेत्र के बसपा सांसद गिरीशचंद्र ने कोरोना वायरस महामारी से निपटने को सांसद निधि से 50 लाख रुपये कोरोना आपदा कोष में दिए हैं। इसके लिए सांसद की ओर से डीएम को पत्र लिख कर संस्तुति प्रदान कर दी गई है। उधर मानव सेवा उत्थान समिति ट्रस्ट की ओर से ट्रस्ट के संरक्षकश्री राम मंदिर के पीठाधीश्वर महंत राधेश्याम व्यास ने एसडीएम धीरेंद्र सिंह को आपदा राहत कोष के लिए 51 हजार का चैक सौंपा है।
बिजनौर। जिला सहकारी बैंक बिजनौर के कर्मचारियों ने कोरोना वायरस की लड़ाई में अपने वेतन से 11 लाख रुपये दिए हैं। बैंक सचिव अशोक कुमार ने यह राशि नेफ्ट के जरिए मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा की है। कई कर्मचारियों ने एक दिन से कहीं अधिक वेतन दिया है। बैंक सचिव अशोक कुमार ने 21 हजार रुपये दिए हैं। बैंक अध्यक्ष दिनेश कुमार, उपसभापति संदीप कुमार, शाखा प्रबंधक धर्मवीर सिंह, सतेंद्र सिंह, तेजपाल सिंह आदि ने भी सहायता राशि दी है। प्रदेश में सहकारी बैंक कर्मचारियों द्वारा सबसे अधिक दान बिजनौर के कर्मचारियों ने ही किया है। दूसरे नंबर पर लखीमपुर खीरी जिला है जहां से करीब साढ़े पांच लाख रुपये दिए गए हैं। बैंक सचिव अशोक कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए मोबाइल एटीएम वैन की एटीएम मशीन से घर घर जाकर रुपये निकलवाए जा रहे हैं।
मंडावर। मंडावर नगर पंचायत के चेयरपर्सन पति व पूर्व चेयरमैन मोहम्मद आसिफ शान ने कोरोना की लड़ाई में निजी खाते से दो लाख रुपये का दान किया है। उन्होंने एक लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष एवं एक लाख रुपये डीएम कोष में दिए हैं। उन्होंने कहा कि देश में कोरोना को हराने के लिए जनता को सरकार के साथ मिलकर काम करना है। उनके साथ उनके भाई मोहम्मद जावेद भट्टेवाले ने भी सहयोग दिया है।
एक लाख रुपये प्रधानमंत्री कोष में जमा कराए
चांदपुर। इनरव्हील क्लब आरोही चांदपुर ने कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए एक लाख रुपये प्रधानमंत्री कोष में जमा कराए। क्लब की अध्यक्षा ममता वैश्य नेे यह जानकारी दी
पूर्व सांसद ने एक लाख रुपये का चैक डीएम को सौंपा
धामपुर। नगीना लोकसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा सांसद डा. यशवंत सिंह ने कोरोना महामारी से निपटने को अपने व्यक्तिगत खाते से एक लाख रुपये का चैक मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए डीएम रमाकांत पांडेय को सौंपा है। पूर्व सांसद ने जनता का आग्रह किया है कि वह इस महामारी से बचाव को सरकार के निर्देशों को मान घरों में ही रहें।
सुधा राठी ने किया 11 हजार रुपये का अंशदान
बिजनौर। गायत्री परिवार जिला शाखा की सदस्य सुधा राठी ने कोरोना के खिलाफ जंग में अपना योगदान दिया है। उन्होंने लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों की मदद के लिए बनाए गए डीएम राहत कोष में व्यक्तिगत रूप से 11 हजार रुपये का चैक जमाकर वित्तीय सहायता प्रदान की है। उन्होंने लॉकडाउन की अवधि समाप्त होने पर गायत्री परिवार के बाकी सदस्यों से भी सहयोग राशि एकत्रित कर डीएम कोष में जमा कराने की अपील की है।
58 हजार रुपये का ड्राफ्ट सौंपा
स्योहारा। रोटरी क्लब स्योहारा संपूर्ण द्वारा एसडीएम धर्मेंद्र सिंह को 58000 रुपये का ड्राफ्ट सहायतार्थ सौंपा है। पीएम केयर के नाम बने इस ड्राफ्ट को देते समय क्लब के अध्यक्ष कांता प्रसाद पुष्पक, आगामी अध्यक्ष डा. मनोज कुमार वर्मा, विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र कुमार अरोड़ा, डा. महेंद्र सिंह, रईस अहमद चौधरी, मोहित रस्तोगी, डा. संजय विश्वकर्मा, संजय जैन, नगर पालिका चेयरमैन अख्तर जलील मौजूद रहे। क्लब अध्यक्ष ने बताया कि इस आपदा में एक दूसरा ड्राफ्ट भी शीघ्र बनवाकर उपजिलाधिकारी को सौंपा जाएगा।
सांसद मलूक नागर पीएम राहत कोष में देंगे सवा करोड़
बिजनौर। सांसद मलूक नागर ने कोरोना की रोकथाम और लोगों के उपचार के लिए अपनी सांसद निधि से एक करोड़ 25 लाख रुपये प्रधानमंत्री राहत कोष में जमा करने की घोषण की है। इसके साथ ही विधानसभा सीटों बिजनौर, चांदपुर, हस्तिनापुर, मीरापुर और पुरकाजी में कोरोना से मरने वालों के परिजनों अथवा आश्रितों को 50 हजार की सहायता राशि व्यक्तिगत तौर पर मुहैया कराने की घोषणा की है। उन्होंने इसके लिए अलग से 25 लाख रुपये देने की बात कही है। उन्होंने मेरठ, मुजफ्फरनगर और बिजनौर के डीएम को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि यदि क्षेत्र के किसी भी नागरिक की कोरोना से मौत होती है तो उसका विवरण तुरंत उपलब्ध कराया जाए।
आरपीएस ग्रुप दान किए एक लाख 11 हजार रुपये
बिजनौर। रामपाल सिंह मेमोरियल आरपीएस ग्रुप की ओर से कोरोना महामारी से राहत प्रदान करने के लिए एक लाख 11 हजार रुपये का चेक जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय को सौंपा गया। आरपीएस ग्रुप के चेयरमैन डा. बीरबल सिंह के अनुसार 61 हजार रुपये प्रधानमंत्री राहत कोष में और 50 हजार रुपये मुख्यमंत्री आपदा कोष में जमा किये गए हैं।
बहादरपुर के ग्रामीणों ने दिए 21 हजार रुपये
किरतपुर। कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए गांव बहादरपुर कीओर से प्रधानमंत्री राहत कोष में 21 हजार 100 रुपये की धनराशि प्रधानमंत्री रिलीफ फंड में जमा की गई। इस कार्य में तेजपाल सिंह, आचार्य नरेश दत्त आर्य, भीष्म आर्य, रामगोपाल, राजकुमार, योगेंद्र सिंह आदि का सहयोग रहा।