फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टूटे रिकार्ड, जमकर पड़े वोट

Sat, 05 Dec 2015 11:50 PM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, बिजनौर
विज्ञापन
विज्ञापन
बिजनौर। ग्राम पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में भी मतदाताओं का उत्साह बना रहा। नूरपुर, नहटौर और जलीलपुर ब्लॉक में हुए मतदान में सभी रिकॉर्ड टूट गए और औसतन 80.08 प्रतिशत वोटिंग हुई।
विज्ञापन


वोट डालने के लिए बूथों के बाहर मतदाताओं की लंबी लाइन लगी रही। छुटपुट घटनाओं को छोड़कर तीनों ब्लॉक में मतदान शांतिपूर्वक हुआ। नहटौर ब्लॉक में सबसे अधिक 82.01 प्रतिशत मतदान हुआ।

इस बार मतदाताओं ने प्रधानी चुनाव के पिछले दो चरणों के सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए बढ़ चढ़कर मतदान किया। नूरपुर ब्लॉक में 80.32 प्रतिशत, नहटौर ब्लॉक में 82.02 प्रतिशत और जलीलपुर ब्लॉक में 77.87 प्रतिशत मतदान हुआ। मौसम में ठंड और कोहरा होने के बावजूद भी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुबह से ही लंबी लाइन लग गई थी। महिलाओं में मतदान के प्रति अधिक उत्साह था।
विज्ञापन


प्रेमवती, सुखिया, शकीला, राजकली और कमला आदि पारिवारिक महिलाओं का कहना था कि पहले वे मतदान करने आई हैं। इसके बाद ही घर जाकर खाना बनाएंगी। सुबह नौ बजे तक लगभग 15 प्रतिशत मतदान हुआ। पारा बढ़ने के साथ-साथ वोटरों की लाइन भी बढ़ती रही।

ग्राम प्रधान पद प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ मतदाताओं को घरों से निकालकर मतदान केंद्रों तक लाने में लगे रहे। एक-एक वोटर पर प्रत्याशियों की नजर रही। प्रत्याशियों के समर्थक भी मतदाता पर्चियों को बांटने में लगे रहे। दोपहर एक बजे तक करीब 54 प्रतिशत मतदान हो गया। मतदान केंद्रों पर पर्ची बनवाने को लेकर बस्तों पर भीड़ बनी रही।

शांतिपूर्ण हुआ मतदान
नूरपुर। शनिवार को ब्लाक की 112 ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान के लिए हुआ मतदान छिटपुट घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। सभी ग्राम पंचायतों में सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया और निधारित समय साढ़े चार बजे तक ब्लाक में करीब 80.32 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया।

जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत चुनाव की अपेक्षा ग्राम प्रधान के चुनाव में ग्रामीणों में अधिक उत्साह देखा गया। कई गांवों से झगड़ों की सूचना पर पुलिस दौड़ती रही।

गांव खजूरी और खासपुरा को छोड़कर अधिकांश गांवों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। एडीएम राममूर्ति मिश्रा और एसपी सिटी कल्पना सक्सेना थाना क्षेत्र में रहकर स्थिति पर निगाह बनाए रहे।

पुलिस ने फटकारी लाठियां
नहटौर। प्रधानी चुनाव के दौरान एक दो स्थान को छोड़कर पूरे विकास खंड में शांतिपूर्वक मतदान हुआ। ब्लॉक आंकू नहटौर के गांव सदरूद्दीनगर में स्थित मतदान केंद्र पर जमा भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। इसमें जुल्फकार नाम का युवक घायल हो गया।

पुलिस के लाठी फटकारने से ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। भगदड़ में गिरकर कई महिलाऐं भी मामूली रूप से घायल हो गई। मौके पर एसडीएम सतेंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गांव में फ्लैग मार्च भी किया। गांव में डीएम और एसपी ने भी दौरा किया हैं।

उधर गांव खेड़ीजट में भी मतदान केंद्र पर भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने लाठी फटकारी । अधिकतर मतदान केंद्रों पर चुनाव शांति पूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

अंथाईशेख में 77.98 प्रतिशत मतदान
नींदडू़। क्षेत्र के गांव अंथाईशेख में प्रधान और पंचायत सदस्यों के लिए शांतिपूर्वक हुए चुनाव में 77.98 प्रतिशत वोट पड़े। गांव में कुल 3289 वैध मतदाता हैं। इनमें से 2565 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें