बिजनौर। किरतपुर मार्ग पर स्कूटी और ट्रैक्टर ट्राली की भिंड़त में स्कूटी पर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को मेरठ रेफर किया गया है।
बिजनौर के मोहल्ला कुंवर बाल गोविंद निवासी हृदय महरोत्रा कलक्ट्रेट में स्टांप बेचने का काम करते थे। शाम करीब चार बजे वह गांव मुकरपुर खेमा बुखारा निवासी कातिब वीरेंद्र शर्मा के साथ किरतपुर में प्लाट देखने गए थे। शाम करीब पौने छह बजे दोनों स्कूटी से बिजनौर लौट रहे थे।
पुलिस के मुताबिक किरतपुर रोड पर सेंटर वेयर हाउस के सामने स्कूटी की सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली से भिड़ंत हो गई। हादसे में हृदय महरोत्रा की मौके पर मौत हो गई और वीरेंद्र शर्मा घायल हो गए।
चालक ट्रैक्टर ट्राली को मौके से लेकर भाग गया। हृदय मेहरोत्रा की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घायल वीरेंद्र शर्मा की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें मेरठ रेफर किया गया है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
वाहनों की भिड़ंत में दो घायल
धामपुर। कारों की भिड़ंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में दोनों कार क्षतिग्रस्त हो गईं। घायलों को मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल जिला मुरादाबाद के थाना छजलैट के गांव चंगेरी के रहने वाले हैं।
चंगेरी गांव के जोगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि भाई जितेंद्र और गांव का सोनू गांव बढ़ापुर से कार से घर जा रहे थे। धामपुर में नगीना मार्ग पर ईदगाह के पास सामने से तेज गति से आ रही कार ने टक्कर हो गई। जिसमें जितेंद्र और सोनू घायल हो गए।
जितेंद्र को गंभीर हालत में बाहर ले जाया गया है। आरोपी चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों कारों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने तहरीर पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
लकड़ी के लट्ठों के नीचे दबा ट्रैक्टर चालक, मौत
शेरकोट। ट्रैक्टर ट्राली में लदे लकड़ी के लट्ठों के नीचे दबने से मजदूर की मौत हो गई। हादसा लट्ठों में बंधी रस्सी के अचानक टूट जाने से हुआ।
हादसे से परिवार में कोहराम मचा है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। गांव लैदरपुर निवासी रामकुमार (37) शेरकोट के मोहल्ला मनिहारान निवासी एक व्यक्ति के ईंट भट्टे पर ट्रैक्टर चालक था। शुक्रवार की शाम को वह जंगल से ट्रैक्टर ट्राली में लकड़ियाें के लट्ठे लादकर भट्टे पर ले जा रहा था।
रास्ते में गांव भनौटी की पुलिया के पास ट्रैक्टर में लट्ठों से बंधी रस्सियां टूट गई। इससे लट्ठे ट्रैक्टर चला रहे रामकुमार के ऊपर गिर गए। उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजन पुलिस को सूचना देने के बाद शव को वह घर उठाकर ले आए।
एसओ धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है। पर परिजनों की की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। यदि तहरीर मिलती है तो पुलिस कार्रवाई करेगी।
बाइक फिसलने से वृद्घ की मृत्यु
भागूवाला। ओवरटेक करने के प्रयास में फिसली बाइक से गिरकर एक वृद्घ गंभीर घायल हो गया। उपचार के दौरान देहरादून में उसकी मौत हो गई। पीतमगढ़ निवासी 60 वर्षीय नानक सिंह शुक्रवार की सुबह अपनी बाइक से भैंसों की तलाश में निकला था।
नानक पूर्वी गंग नहर बाइपास मार्ग पर एक वाहन को ओवरटेक करते वक्त उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसमें वह गंभीर घायल हो गया। परिजन उपचार के लिए पहले उसे हरिद्वार, उसके बाद देहरादून ले गए। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।