बिजनाैर के नहटौर में नूरपुर रोड पर बुधवार की सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई जब भट्टे पर ईंटें ढो रहे एक मजदूर की बुग्गी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सिजौली निवासी 32 वर्षीय अवनीश के रूप में हुई है।
सुबह लगभग साढ़े चार बजे अवनीश पथेर से कच्ची ईंटें भरकर भट्टे की ओर लौट रहा था, तभी नन्हेड़ा गांव के सामने तेज़ रफ्तार अज्ञात कंटेनर ने उसकी बुग्गी में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अवनीश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और शव के पास बैठकर हंगामा शुरू कर दिया। मुआवज़े और आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उन्होंने नूरपुर रोड जाम कर दी। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मौके पर पहुंचे तहसीलदार धनराज कुमार और सीओ नगीना अंजनी कुमार ने ग्रामीणों से बातचीत कर उचित कार्रवाई और आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब तीन घंटे बाद जाम को हटाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।