एक तरफ कोरोना महामारी में कुछ लोग ऑक्सीजन की कालाबाजारी कर रहे हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के बिजनौर के अफजलगढ़ निवासी मशलूब अहमद जरूरतमंदों की मदद करने में लगे हैं। वे अपने स्तर से संक्रमित मरीजों को नि:शुल्क ऑक्सीजन उपलब्ध करा रहे हैं। अब तक 80 सिलिंडर उपलब्ध करा चुके हैं।
मोहल्ला नई बस्ती बेगम सराय निवासी मशलूब अहमद बैटरी व इंवर्टर बनाने का कार्य करते हैं। कोरोना काल में ऑक्सीजन की कमी होने पर उन्होंने अपना कार्य बंद कर दिया। वे बताते हैं कि कुछ लोग उनके पास खाली सिलिंडर लेकर ऑक्सीजन मांगने के लिए आए तो उन्होंने लोगों की जरूरत को महसूस किया।
उन्होंने अपने बड़े सिलिंडर से छोटे सिलिंडर में ऑक्सीजन भर कर तीमारदारों को देने लगे। इसके बाद वह पीछे नहीं हटे और जिस किसी साधन से उन्हें ऑक्सीजन उपलब्ध होती वह अपने पैसे से खरीदते हैं और जरूरतमंदों को नि:शुल्क दे देते हैं।
उनका कहना है कि कुछ लोग जो ऑक्सीजन की कालाबाजारी कर रहे हैं उन्हें कालाबाजारी छोड़ कर संकट की घड़ी में लोगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए, ताकि ज्यादा से ज्यादा जिंदगी बचाई जा सके।
संकट की इस घड़ी में किसी को भी जात-पात और धर्म नहीं देखना चाहिए। अगर किसी से किसी तरह का मनमुटाव भी नहीं है तो उसे भूलाकर लोगों की मदद करनी चाहिए, जैसे भी हो एक-दूसरे की मदद करें।