बिजनौर में नेहरू स्टेडियम के सामने अतिक्रमण हटाती जेसीबी।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में प्रशासन ने शुक्रवार की शाम शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान कई जगह टीन शेड उखाड़ दिए गए व नाली के ऊपर बने स्लैब को तुड़वा दिया गया। पॉलिथीन के खिलाफ भी अभियान चलाया। पांच दुकानों पर पॉलिथीन बरामद करके दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया। शराब की दुकानों के आसपास भी चेकिंग की।
एसडीएम बृजेश कुमार के मुताबिक शुक्रवार की शाम नगर पालिका की टीम व पुलिस के साथ प्रदर्शनी चौक से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू कराया गया। तहसील पर अतिक्रमण हटवाया गया। इस दौरान नाली के ऊपर बने स्लैब को तुड़वा दिया। दुकानों के आगे से टीन शेड व होर्डिंग्स उखाड़ दिए गए। टीम को देख अतिक्रमण करने वालों में खलबली मची रही। सब लोग अपना सामान समेटकर भागने लगे। पांच दुकानों पर तलाशी के दौरान पॉलिथीन मिली। दुकानदारों पर दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। शाम के समय शराब की दुकानों पर रेंडम चेकिंग की गई। देखा गया कि कोई शराबी दुकान के आसपास शराब तो नहीं पिला रहा है। अन्य कोई गलत काम तो नहीं हो रहा है। एसडीएम बृजेश कुमार के मुताबिक शनिवार को जीआईसी के आसपास से अतिक्रमण हटाया जाएगा। अतिक्रमण अभियान रोज चलेगा।
एसडीएम के नेतृत्व में अतिक्रमण अभियान से मचा हड़कंप
नजीबाबाद। एसडीएम के निर्देशन में नगर में अतिक्रमण अभियान चलाया गया। नगर पालिका के कर्मचारियों ने आज देर शाम रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड के सामने जेसीबी मशीन से अवैध रूप से रखे खोखें, होल्डिंग्स आदि हटवाए। प्रशासन के अतिक्रमण हटाओ अभियान से खोखा व्यापारियों में हड़कंप सा मच गया। शुक्रवार देर शाम एसडीएम उमेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में शुरू किया गया अतिक्रमण अभियान चलाया गया। जेसीबी मशीन जैसे ही अतिक्रमण को हटा रही थी लोग अपने खोखों से सामान हटाते नजर आए। एसडीएम ने बताया कि अतिक्रमण अभियान लगातार जारी रहेगा तथा रेलवे स्टेशन मार्ग पर नालों के ऊपर किया गया अतिक्रमण हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा प्रशासन की इस कार्यवाही से आज लोगों में हड़कंप मचा रहा। उधर रोडवेज बस स्टैंड के मुख्य गेट के निकट जलालाबाद निवासी मो.हनीफ का पान-बीड़ी का खोखा सहित अनेक खोखा दुकानदारों के खोखे प्रशासन द्वारा हटाए जाने से खोखा दुकानदारों में रोष हैं।