मंडावर। घर से बाग में आम तोड़ने के लिए निकले एक किशोर की तालाब में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। कुछ लोगाें ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया। मशक्कत के बावजूद डेढ़ घंटे बाद उसका शव ही निकल पाया। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
मंडावर के मोहल्ला बंजारान निवासी मोहम्मद युनूस का 11 वर्षीय पुत्र जुनैद अपने कुछ साथियों के साथ सोमवार को दोपहर बाग में आम तोड़ने के लिए गया था। बाग की ओर पहुंचने पर अधिक गर्मी का एहसास हुआ तो जुनैद पास में ही तालाब में नहाने के लिए निकल लिया। जब वह तालाब में नहा रहा था तो अचानक ही गहरे पानी में डूबने लगा।
उसके साथियों ने उसे डूबता हुआ देखा तो उन्होंने शोर मचा दिया। शोर सुनकर कई अन्य लोग तालाब की ओर दौड़ पड़े और जुनेद को बचाने के तालाब में कूद गए। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद जुनैद को तालाब से बाहर निकाला गया।