ग्राम विलासपुर में शबनम का शव कब्र से निकलवाती पुलिस।
- फोटो : amar ujala
बिजनौर के मंडावर में दहेज हत्या के मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद गांव विलासपुर निवासी महिला शबनम का शव कब्र से निकाला गया। विलासपुर के ग्रामीणों के एतराज जताने पर मृतका के भाई आरिफ ने अन्य रिश्तेदारों के साथ कब्र खोदी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शबनम पत्नी मोहब्बत अली का शव चार मई को घर में फांसी पर लटका मिला था। मायके वालों की ओर से कोई आपत्ति नहीं जताने पर उसके शव को दफना दिया गया था। इसके बाद मृतका के पिता लतीफ ने शुक्रवार को इस मामले में ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में मृतका के पति मोहब्बत अली, सास सईदा, जेठ जाहिद व अकरम, चचेरे जेठ असलम व जाहिद के बेटे विक्की को नामजद कराया था।
शनिवार को नायब तहसीलदार रमेशचंद, थाना प्रभारी निरीक्षक राजवीर सिंह, थाना नांगलसोती इंचार्ज वीएम सिंह गांव पहुंचे। उन्होंने गांव वालों से कब्र खुदवाने में सहयोग मांगा, लेकिन सभी ने कब्र खोदने से मना कर दिया। इसके बाद करीब दो बजे मृतका शबनम के भाई आरिफ ने अन्य परिजनों के साथ मिलकर कब्र खोदी और शव का बाहर निकाला। इस दौरान मृतका के ससुराल पक्ष से कोई भी वहां मौजूद नहीं रहा।