नजीबाबाद में ब्लॉक प्रमुख नजीबाबाद पद पर नामांकन के बाद दो प्रतिद्वंद्वियों और उनके समर्थकों के बीच जमकर टकराव हुआ। पुलिस की सतर्कता के चलते संघर्ष टल गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए हाईवे जाम कर दिया। बिजनौर और नूरपुर के विधायकों, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में बड़ी संख्या में एक पक्ष के समर्थकों ने धरना दिया।
ब्लॉक प्रमुख पद के प्रमुख दावेदारों में बौरेकी के बीडीसी मकसूद और हकीमपुर काजी के बीडीसी अवधेश कुमार के साथ मंडावली द्वितीय के बीडीसी मो.अब्बास ने बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ अपने नामांकन कराए। लौटते समय मकसूद एवं अवधेश समर्थकों में चांद बैैंक्वेट हॉल के निकट झड़प हो गई। दोनों पक्षों में मारपीट हुई। घटनास्थल से कुछ फासले पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के निकट सुरक्षा में लगा पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा तथा लाठियां फटकारकर दोनों पक्षों को खदेड़ा।
प्रत्याशी अवधेश कुमार, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जमील अंसारी का आरोप है कि वे विधायक लोकेंद्र चौहान व समर्थकों के साथ वापस लौट रहे थे, तभी मकसूद पक्ष के लोगों ने उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। अवधेश पक्ष के समर्थकों ने विरोध में जमकर नारेबाजी की तथा कोटद्वार ब्रांच लाइन फ्लाईओवर पर जाम लगा दिया। कुछ ही देर बाद बिजनौर विधायक रुचिवीरा, खुशनूद खां, भाजपा नेत्री लीना सिंघल, जिला पंचायत सदस्य यशवीर सिंह, बदर खां तथा प्रत्याशी अवधेश के कई समर्थक घटनास्थल पर पहुंच गए।
झड़प की सूचना मिलते ही एसडीएम वीके श्रीवास्तव, सीओ संजय राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। एसपी सिटी कल्पना सक्सेना के पहुंचने के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने तक धरने पर डटे रहने की बात कही। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद दोपहर करीब ढाई बजे शुरू हुआ धरना व जाम शाम करीब साढ़े पांच बजे समाप्त हुआ। वहीं ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी अवधेश कुमार के भाई बालेश की ओर से ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी मकसूद, भाई सपा जिला महासचिव महमूद कुरैशी, राहुल, लड्डन खां, भोपाल सिंह, कन्हैया व समर्थकों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।
ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मंडावली/नजीबाबाद। महिला बीडीसी को उसके घर से जबरन उठाकर ले जाने के मामले से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बीडीसी के पति ने ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी सहित पांच लोगों पर हथियारों के बल पर पत्नी को जबरन उठाकर ले जाने और फायर झोंकने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। ब्लॉक प्रमुख पद पर शुक्रवार को नामांकन होना था। ब्लॉक प्रमुख पद के दावेदार बहुमत साबित करने के लिए एक-एक बीडीसी को अपने पक्ष में लाने के लिए जी-जान से जुटे हैं। ऐसे में मंडावली क्षेत्र में एक महिला बीडीसी सदस्य का अपहरण कर लिए जाने का शोर मचने से प्रशासन, पुलिस एवं क्षेत्रीय जनता में हड़कंप मच गया।
मंडावली थाना क्षेत्र के गांव लाहककला से नजाकत की पत्नी नाजमा बीडीसी सदस्य हैं। नाजमा के पति नजाकत ने बृहस्पतिवार की देर रात मंडावली थाने को तहरीर सौंपी। नजाकत का आरोप है कि बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे कार में सवार ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी अवधेश कुमार, उसके भाई बालेश सहित पांच लोग उसके घर पर आए तथा पत्नी बीडीसी नाजमा का वोट देने को कहा। नजाकत का आरोप है कि मना करने पर सभी ने एकराय होकर हमला कर दिया। आरोपी फायर झोंकते हुए नाजमा को जबरन उठाकर ले गए। नजाकत की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। उधर, आरोपी ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी अवधेश कुमार एवं भाई बालेश ने आरोप को निराधार बताते हुए प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी द्वारा झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही।
नामांकन के कारण न्यायिक कार्य से रहे विरत
बिजनौर। जिला बार एसोसिएशन की एसके बबली की अध्यक्षता व सचिव वरूण राजपूत के संचालन में हुई बैठक में ब्लॉक प्रमुख के चुनाव को देखते हुए न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया गया। जिला बार अध्यक्ष के अनुसार ब्लॉक प्रमुख चुनाव के कारण एवं वकीलों के नामांकन में व्यस्त होने के कारण उनकी कम संख्या को देखते हुए शुक्रवार को न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया गया।
तीन सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन तय
बिजनौर(ब्यूरो)। जिले के 11 ब्लॉक प्रमुखों के चुनाव में सपा समर्थित प्रत्याशियों ने तीन ब्लॉक प्रमुख की सीटों पर कब्जा जमा लिया है। इन ब्लॉकों में सपा प्रत्याशियों के मुकाबले किसी ने पर्चा नहीं भरा है। कई सीटों पर कांटे की जंग है। सपा प्रत्याशियों की निर्दलीयों ने नींद उड़ा रखी है। चुनाव को लेकर सपा प्रत्याशी व निर्दलीय जोड़ तोड़ में पूरी ताकत से जुट गए हैं और बीडीसी सदस्यों को अपने पाले में करने में लगे हैं।
जिले के 11 ब्लॉक में बुढ़नपुर ब्लॉक से सपा जिलाध्यक्ष अनिल यादव के पिता ऋषिराम यादव, अफजलगढ़ से सपा नेता कपिल कुमार की मां अंगूरी देवी व नूरपुर ब्लॉक से सपा प्रत्याशी अंशिका सिंह के सामने चुनाव में किसी ने भी पर्चा दाखिल नहीं किया है। इसलिए इन तीनों का निर्विरोध चुना जाना तय है। मोहम्मदपुर देमवल ब्लॉक में सपा प्रत्याशी रेखा चौधरी व निर्दलीय ऋचा राणा, हल्दौर में सपा प्रत्याशी आंचल व निर्दलीय सर्वेश राज, नहटौर में सपा प्रत्याशी मोहम्मद शाहिद व निर्दलीय मृणाल भारद्वाज, नजीबाबाद में सपा प्रत्याशी मकसूद व निर्दलीय अवधेश कुमार में कांटे का मुकाबला है।
बाकी सीटों पर भी हालात यही नजर आ रहे हैं। सपा व निर्दलीय प्रत्याशी अपनी जीत के लिए बीडीसी सदस्यों को अपने पाले में करने में लगे हैं। बीडीसी सदस्यों को पाले में लाने के लिए धन, बल का भी पूरा इस्तेमाल हो रहा है। बीडीसी सदस्यों के दाम लगाए जा रहे हैं।