बिजनौर में एआरटीओ और कॉलानाइजर के बीच धक्कामुक्की के बाद रास्ते की खुदाई करती जेसीबी।
- फोटो : BIJNOR
बिजनौर। एआरटीओ कार्यालय के बराबर में अवैध निर्माण रुकवाने को लेकर कॉलोनाइजर और एआरटीओ आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर धक्कामुक्की हुई। एआरटीओ ने मामले की सूचना डीएम और एसपी को दी। इसके बाद एसडीएम सदर और शहर कोतवाल मय फोर्स मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य बंद करा दिया। एसडीएम ने इस कॉलोनी को अवैध बताते हुए अग्रिम आदेशों तक निर्माण न करने की चेतावनी दी। कॉलोनी में बनाए गए रास्ते को भी जेसीबी से तुड़वा दिया गया। रविवार को भी इस मामले में कार्रवाई होगी।
शनिवार को एआरटीओ प्रशासन व प्रवर्तन प्रणव झा कलक्ट्रेट से लौटकर अपने कार्यालय में जा रहे थे। उन्होंने अपने कार्यालय के पास कॉलोनी अवैध निर्माण होते देखा तो उन्होंने कॉलोनाइजर वसीम को बुलाकर रास्ते पर अतिक्रमण न करने को कहा। इसी बीच कॉलोनाइजर और एआरटीओ के बीच नोकझोंक हो गई। दोनों आपस में भिड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों में धक्कामुक्की शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख एआरटीओ ने अपने स्टाफ को बुला लिया। स्टाफ को आता देख कॉलोनाइजर वसीम अपने साथियों सहित कॉलोनी की दीवार फांदकर भाग खड़ा हुआ। एआरटीओ ने डीएम और एसपी को घटना की सूचना दी। एसडीएम सदर बृजेश कुमार और शहर कोतवाल रमेश चंद शर्मा मौके पर पहुंचे और एआरटीओ से पूरी घटना की जानकारी ली। घटना की अभी पुलिस में तहरीर नहीं दी गई है। कॉलोनाइजर वसीम फरार है। एसडीएम बृजेश कुमार के मुताबिक बिना नक्शा पास किए ही वसीम कॉलोनी काट रहा है। इसे पहले ही अवैध घोषित किया जा चुका है। विनियमित क्षेत्र में इस मामले में मुकदमा भी दर्ज है। प्रभारी निरीक्षक शहर कोतवाली को भी आदेश दिए गए हैं कि कॉलोनी में किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न होने पाए। मौके पर जाकर उन्होंने देखा तो निर्माण होता नहीं पाया गया। एक दुकान जरूर बनी मिली है। रास्ते पर जो अतिक्रमण हुआ था उसे तुड़वाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जेसीबी से कुछ तुड़वा दिया गया है, बाकी काम रविवार को होगा।
तहसीलदार के निर्देशों की भी की अनदेखी
तीन दिन पहले तहसीलदार ने भी कॉलोनी में जाकर कॉलोनाइजर को रास्ते से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बाद भी कॉलोनाइजर ने अतिक्रमण नहीं हटाया और तहसीलदार के निर्देशों की अनदेखी करता रहा। शनिवार को वह रास्ते के विवाद में एआरटीओ से भिड़ बैठा। शहर कोतवाल रमेश चंद शर्मा के मुताबिक कॉलोनाइजर के खिलाफ अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।
बिजनौर में एआरटीओ और कॉलोनाइजर के बीच धक्कामुक्की के बाद रास्ते की पैमाइश करता लेखपाल।- फोटो : BIJNOR