संवाद न्यूज एजेंसी
शेरकोट। सिंचाई विभाग के अधिकारियों के भरोसे के बाद भाकियू कार्यकर्ताओं का मंगलवार को पांचवें दिन धरना समाप्त हो गया है। कार्यकर्ताओं ने चेताया कि उनके साथ वादाखिलाफी हुई तो फिर आंदोलन होगा। उधर, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता आरपी सिंह ने भरोसा दिया कि उनकी एक-एक समस्या का समाधान होने के बाद रामगंगा और खो में पानी छोड़ा जाएगा।
गौरतलब है कि भाकियू के ब्लाॅक अध्यक्ष अशोक चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की ओर से पांच दिन से सिंचाई विभाग के कार्यालय पर रामगंगा और खो नदी की सिल्ट सफाई कराने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना दिया जा रहा था।
अधिशासी अभियंता ने किसानों को बताया कि रामगंगा व खो नदी के आसपास ड्रोन से सर्वे कराने के उपरांत जमा सिल्ट को हटाने का प्रयास होगा। इसके लिए विभाग की ओर से परियोजना को तैयार कर धन मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद कार्य शुरू होगा। किसानों की समस्याओं का निदान कराना विभाग के अधिकारियों की प्राथमिकता है। सिल्ट हटाए जाने तक अनावश्यक पानी रामगंगा में नहीं छोड़ा जाएगा।
अधिकारियों से लिखित समझौते के बाद किसानों ने धरना समाप्त करने की घोषणा कर दी। इस दौरान एसडीओ प्रतीक सिंह, सतपाल सिंह , जेई कमलेश कुमार, तहसील अध्यक्ष कविराज सिंह, ब्लाक अध्यक्ष अशोक कुमार, करण सिंह, रवनीश कुमार, राम सिंह, तिर्मल सिंह,रूपेश कुमार, महावीर सिंह, रिंकू चौहान, नरदेव सिंह, रामकुमार सिंह आदि मौजूद रहे।