बिजनौर में भाजपा की परिवर्तन यात्रा के दौरान केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ.महेश शर्मा ने कहा कि दौलत की बेटी मायावती और राहुल गांधी किसानों के दर्द को क्या जानें। उन्होंने कहा कि अगर नोट बदलने की बात लीक हो जाती, तो रातों रात मायावती के खजाने के रुपये बदल जाते। नोट बंद होने से पैसे लेकर टिकट बांटने वालों को दर्द हो रहा है।
मंगलवार को एक बैंक्वट हाल में परिवर्तन यात्रा के दौरान हुई सभा में डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि कांशीराम जी ने दलित की बेटी के लिए वसीयत लिखी थी, दौलत की बेटी के लिए नहीं। मायावती को दस साल मौका मिला, लेकिन प्रदेश का विकास नहीं हुआ। खुद का जन्मदिन हो या बाबा साहेब या कांशीराम का सभी के नाम पर उगाही की गई। किसानों के दर्द को दौलत की बेटी क्या जाने।
उन्होंने कहा कि नोट बंद होने से मायावती और मुलायम सिंह यादव के नेता जमीन पर आ गए हैं। विकास वही कर सकता है जिसकी थाली में छेद न हो। सपा और बसपा दोनों मिलकर जनता को लूट रही हैं। अब भाजपा ही जनता को इनसे छुटकारा दिलाएगी। 500 और एक हजार के नोट बंद होने की परेशानी से एक हफ्ते में ही मुक्ति मिल जाएगी। केंद्रीय गंगा एवं जल संसाधन राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी प्रदेश सरकार 14 दिन के अंदर गन्ने का भुगतान नहीं करा रही है। प्रदेश सरकार ने किसानों का भुगतान कराने के बजाए शुगर मिलों का दो हजार करोड़ का कर्जा माफ कर दिया। भाजपा की सरकार आने पर यह रकम वापस ली जाएगी।
बालियान ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार किसानों को बीज देने में भी कमीशन खा रही है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में भी कमीशन खाने के लिए प्रदेश सरकार ने गन्ने को इसमें शामिल कर दिया। उन्होंने कहा कि जब परिवर्तन यात्रा लखनऊ में समाप्त होगी तब तक यह विजय यात्रा में बदल जाएगी। सांसद भारतेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है। सांसद डॉ. यशवंत सिंह ने कहा कि इस बार सपा-बसपा मुक्त प्रदेश का नारा दिया जाएगा।
अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजीव सिसौदिया व संचालन जितेंद्र राजपूत ने किया। जिला प्रभारी सत्यपाल सिंह पाल, परिवर्तन यात्रा के वेस्ट यूपी सहसंयोजक विमल शर्मा, पूर्व सांसद अनुराधा चौधरी, इंजीनियर अनिल सिंह, कविता सिंह, डॉ. तेजपाल वर्मा आदि मौजूद रहे।
इससे पहले, परिवर्तन यात्रा की जनसभा का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। नेताओं ने नगर में घूमकर महाराणा प्रताप, पंडित लाल बहादुर शास्त्री, चौधरी चरण सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इसके बाद यात्रा चंदक प्रस्थान कर गई। चंदक में चौधरी रावेंद्र सिंह ने परिवर्तन यात्रा के पहुंचने पर सभी नेताओं का स्वागत किया।