बरात मेें मारपीट, भाजपा नेता घायल
धामपुर। गांव भटियाना खुशहालपुर में बरात में दो पक्षों में मामूली बात को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़े में दो लोग घायल हो गए। घायलों में एक धामपुर विधान सभा क्षेत्र का संयोजक दयाशंकर राणा भी शामिल है। दयाशंकर राणा ने तीन को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव भटियाना खुशहालपुर मे स्व. उदयराज सिंह की पुत्री की बरात गांव नसीरपुर से आई थी। किसी बात को लेकर गांव में विवाद हो गया। दोनों पक्षों में आपस में मारपीट हो गई। मारपीट में गांव सरकड़ा निवासी दयाशंकर राणा एवं आकाश घायल हो गए। दयाशंकर राणा के सिर में चोट आई है। बरात में मारपीट की घटना से लोगों में अफरातफरी मच गई। गांव के लोगों ने किसी तरह से दोनों पक्षों के लोगों को समझा कर मामले को शांत किया। कोतवाल अरविंद मोहन शर्मा ने बताया कि दयाशंकर राणा ने गांव के तीन लोगों इंद्रपाल उर्फ लाला, राहुल एवं वकील के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दोनों घायलों का मेडिकल कराया गया है। डाक्टरों ने दोनों को खतरे से बाहर बताया है। उधर गांव के लोगों ने आरोपों को गलत बताया है।