अफजलगढ़ में भाजपा और सपा मैदान में
अफजलगढ़। ब्लाक प्रमुख के लिए भाजपा तथा सपा समर्थित प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र जमा किया गया। बृहस्पतिवार को करीब पौने बारह बजे भाजपा समर्थित प्रत्याशी प्रदीप कुमार बबली ने नामांकन पत्र जमा किया। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक कुंवर सुशांत सिंह, भारत सिंह, अतुल अग्रवा, गुरविंदर सिंह तथा सरदार मलकीत सिंह मौजूद रहे। इसके बाद सपा समर्थित प्रत्याशी शैलेंद्र सिंह चौहान नामांकन किया। आरओ सुधीर कुमार ने प्रदीप कुमार बबली तथा शैलेन्द्र सिंह चौहान के नामांकन पत्र सही बताए।
स्योहारा में भाजपा प्रत्याशी उज्जवल चौहान का निर्विरोध
स्योहारा। स्योहारा क्षेत्र पंचायत प्रमुख के लिए अभी तक मात्र एक ही नामांकन कराया गया। भाजपा प्रत्याशी उज्जवल चौहान ने अपना नामांकन पत्र जमा किया। एक मात्र नामांक पत्र जमा होने के कारण उज्ज्वल चौहान का निर्विरोध ब्लाक प्रमुख बनाना तय हुआ। उज्ज्वल चौहान के साथ विधायक अशोक राणा के पुत्र प्रियंकर राणा, डा. मनोज वर्मा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष रवि चौधरी, राजीव वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष नैपाल सिंह, अमरजीत चौधरी, शुभम चौहान, देशबंधु आदि रहे। यहां ब्लाक प्रमुख पद के लिए छह नामांक पत्र बिके थे।
हल्दौर में बिजेंद्र सिंह का चुना जाना तय
हल्दौर। ब्लॉक प्रमुख पद के लिए गांव बिसाठ निवासी चौधरी विजेंद्र सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया। कोई अन्य नामांकन न आने के कारण उनका निर्विरोध ब्लाक प्रमुख चुना जाना तय माना जा रहा है। उनके साथ सदर विधायक सूची चौधरी, उनके पति ऐश्वर्य चौधरी, पूर्व सांसद यशवीर सिंह धोबी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुभाष कुमार उर्फ बबलू आदि भाजपा कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे। हालांकि उक्त पद के चुनाव के लिए दो लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे थे।
कोतवाली में भाजपा प्रत्याशी के सामने बागी मैदान में कूदे
नगीना। कोतवाली ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी तृप्ति राजपूत के सामने भाजपा से ही समर्थन की प्रमुख दावेदार रहीं राखी अग्रवाल ने भाजपा से समर्थन न मिलने पर निर्दलीय ही नामांकन किया है।
भाजपा नेता ठाकुर विकास राजपूत की पत्नी एवं ब्लॉक कोतवाली की निवर्तमान प्रमुख तृप्ति राजपूत, भाजपा नेता पंकज अग्रवाल की पत्नी राखी अग्रवाल व भाजपा नेता कुंवर प्रशांत के भाई कुंवर गौरव भाजपा से ब्लॉक प्रमुख पद के लिए मजबूती से टिकट मांग रहे थे। बुधवार को भाजपा ने ठाकुर विकास राजपूत की पत्नी तृप्ति राजपूत को अपना समर्थित प्रत्याशी घोषित कर दिया था।
उधर पंकज अग्रवाल ने भी अपनी पत्नी राखी अग्रवाल का निर्दलीय के रूप में नामांकन करा दिया। समाजवादी पार्टी ने इस चुनाव में अपना कोई प्रत्याशी खड़ा नहीं किया जबकि सपा विधायक मनोज पारस के छोटे भाई धर्मेंद्र पारस व पुत्र अक्सेश पारस निर्विरोध बीडीसी सदस्य निर्वाचित हुए थे।