बिलाई मिल दस तक कर देगी समस्त भुगतान
बिजनौर। बिलाई चीनी मिल दस जनवरी तक पिछले पेराई सत्र का शत प्रतिशत भुगतान कर देगी, इसके बाद नए साल का भुगतान शुरू होगा। बिलनौर और चांदपुर चीनी मिल का भुगतान अब भी लटका हुआ है। इन मिलों का भुगतान पूरी तरह शासन से मिलने वाली सब्सिडी पर ही निर्भर है।
बिलाई चीनी मिल ने पिछले पेराई सत्र में किसानों से करीब 300 करोड़ रुपये का गन्ना खरीदा था। लेकिन किसानों को मिल ने अब तक भुगतान नहीं किया है। मिल पर किसानों का 28 करोड़ रुपया अब भी बकाया है। चांदपुर चीनी मिल पर 22, बिजनौर चीनी मिल पर 33 करोड़ रुपया पिछले साल का बकाया है। मिलों को भुगतान के लिए कई बार नोटिस जारी हो चुके हैं। बिलाई चीनी मिल ने दिसंबर के अंत तक शत प्रतिशत भुगतान करने की बात कही थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। अब बिलाई चीनी मिल ने दस जनवरी तक शत प्रतिशत भुगतान करने की बात कही है। मिल की ओर से छह जनवरी को चीनी की एक रैक महाराष्ट्र भेजी जा रही है। इस चीनी की बिक्री से ही मिल को करीब सात करोड़ रुपये मिलेंगे। इसके अलावा मिल द्वारा हर रोज करीब दो से तीन करोड़ की चीनी बेची जा रही है। बिलाई चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक परोपकार सिंह के अनुसार मिल हर हालत में दस जनवरी तक भुगतान कर देगी। इसके बाद नए साल का भुगतान भी शुरू कर दिया जाएगा। मिल केवल चीनी बेचकर ही किसानों का भुगतान करती है। अगर मिल को शासन की ओर से लोन या सीसीएल की सुविधा दिलाई जाती तो काफी पहले ही भुगतान कर दिया जाता।