हल्दौर। बिलाई चीनी मिल ने गन्ना किसानों के पिछले पेराई सत्र 2024-25 का समस्त बकाया भुगतान कर दिया है। मिल के प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार सत्र के दौरान कुल 104.62 लाख क्विंटल गन्ने की खरीद की गई थी, जिसका भुगतान 38199.65 लाख रुपये बना। मंगलवार को मिल द्वारा पिछले सत्र का समस्त बकाया भुगतान क्षेत्र की संबंधित गन्ना समितियों काे भेज दिया है। संवाद
भाकियू नगर अध्यक्ष का निधन
फोटो
बढ़ापुर। मोहल्ला ठाकुरान निवासी भाकियू टिकैत के बढ़ापुर नगराध्यक्ष योगेंद्र सिंह प्रजापति (45) का सोमवार की रात्रि हृदय गति रुकने से निधन हो गया। सूचना पर भाकियू जिलाध्यक्ष सुनील प्रधान समेत भाकियू के कई पदाधिकारी उनके घर पहुंचे और शोक संवेदनाएं व्यक्त की। संवाद
महात्मा फूले पर टिप्पणी करने वालों पर कार्रवाई की मांग
नगीना। सैनी समाज के लोगों ने सीओ को शिकायती पत्र देकर महात्मा ज्योतिबा फूले के विरुद्ध सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। मंगलवार की दोपहर सीओ डॉक्टर अंजनी कुमार चतुर्वेदी को दिए गए शिकायती पत्र में कहा गया कि 28 नवंबर को सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फूले के विषय में अभद्र टिप्पणी की। पत्र में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। इस मौके पर शिखर सैनी, कैलाश सैनी, तुषार सैनी, दीपू सैनी, आकाश सैनी आदि मौजूद रहे। संवाद