संवाद न्यूज एजेंसी
शेरकोट/धामपुर। हरिद्वार-काशीपुर नेशनल हाईवे पर गांव मुबारकपुर कुंडा के पास मंगलवार सुबह 7:30 बजे कैंटर ने पिकअप गाड़ी और बाइक को रौंद डाला। हादसे में पिकअप चालक उत्तराखंड के जसपुर निवासी फिरोज (40), बाइक सवार लखीमपुर खीरी जिले के गांव बिछवी निवासी रणजीत (22) और आदित्य पांडे उर्फ लाला (32) की मौत हो गई। हादसे की वजह हाईवे के वनवे होने को माना जा रहा है।
उत्तराखंड में जसपुर के मोहल्ला छिपीयान निवासी फिरोज पुत्र मोहम्मद उमर अपनी पिकअप गाड़ी से धामपुर आने के लिए निकला। मुबारकपुर कुंडा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने पिकअप गाड़ी में टक्कर मार दी और पिकअप को करीब तीस मीटर पीछे तक धकेलता चला गया।
इससे पिकअप के पीछे आ रही बाइक भी चपेट में आ गई। हादसे में पिकअप चालक फिरोज और बाइक सवार रणजीत और आदित्य लाला की मौत हो गई। बाइक सवार रणजीत अपने पिता को दवाई दिलवाने के बाद साथी आदित्य के साथ बाइक से देहरादून लौट रहा था। दोनों देहरादून में मजदूरी करते हैं। घटना के बाद चालक कैंटर को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिवजाया।
एएसपी पूर्वी अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हाईवे पर वनवे ट्रैफिक होने के कारण हादसा हुआ है। आरोपी कैंटर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।