बाइक सवारों ने शिक्षक को मारी गोली
बिजनौर। बाइक सवार बदमाशों ने बुखारा चौराहे के निकट शिक्षक मयंक राणा पर पिस्टल से गोलियां बरसाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शिक्षक को गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। मयंक राणा को गोली किसने और क्यों मारी कुछ पता नहीं चला है।
बिजनौर की श्याम विहार कॉलोनी में रहने वाले शिक्षक मयंक राणा प्राथमिक विद्यालय जलालपुर छोईया में मुख्य अध्यापक हैं। उन्होंने रामलीला मैदान में वाटर आरओ प्लांट लगा रखा है। बुधवार रात करीब पौने दस बजे मयंक वाटर आरओ प्लांट से स्कूटी से घर जा रहे थे। बुखारा चौराहे के पास बाइक पर सवार दो बदमाशों ने पिस्टल से उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगने से मयंक राणा गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। मयंक राणा को गंभीर रूप से घायल अवस्था में जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मयंक राणा को पीठ में रीढ़ की हड्डी के पास एक गोली लगी है। गाजियाबाद में आपरेशन के बाद गोली निकाल दी गई है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई। माना जा रहा है हमलावर वाटर आरओ प्लांट के पास से ही मयंक राणा के पीछे लगे होंगे। परिजनों के मुताबिक मयंक राणा को खुद नहीं मालूम कि उसे गोली किसने मारी है। शहर कोतवाली के एसएसआई नरेंद्र राणा के मुुताबिक घटना की जांच की जा रही है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी, तब तक मयंक राणा को रेफर किया जा चुका था।