बिजनौर। लकड़ी से लदी ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से बाइक सवार मोहन (28) की मौत हो गई जबकि चचेरा भाई अभिषेक घायल हुआ। यह हादसा बिजनौर में कोतवाली मार्ग पर प्लाईवुड फैक्टरी के सामने रविवार की रात 11 बजे हुआ।
सहारनपुर के गांव पिलखनी निवासी मोहन उर्फ पिंटू पुत्र सुरेंद्र अपने चचेरे भाई अभिषेक के संग बाइक पर सवार होकर बिजनौर के गांव धौकलपुर से लगन समारोह में शामिल होकर गांव लाैट रहा था। रात में 11 बजे दोनों बाइक सवार बिजनौर कोतवाली मार्ग पर धौकलपुर के संपर्क मार्ग के सामने पहुंचे तो सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में मोहन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अभिषेक घायल हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया कि मोहन धौकलपुर निवासी अपने मौसेरे भाई के लग्न के कार्यक्रम में शामिल हुुआ था। धौकलपुर गांव से महज दो या तीन किलोमीटर पहले ही इनकी बाइक में टैक्टर ने टक्कर मार दी। उधर युवक की मौत से परिवार ही नहीं बल्कि रिश्तेदारी में भी शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया है।