बैरियर से टकराकर बाइक सवार की मौत, दो घायल
बिजनौर। तेज रफ्तार बाइक हाईवे पर लगे बैरियर से टकरा गई। जिसमें बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक बालक समेत दो घायल हुए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
किरतपुर के गांव मेमन सादात निवासी मोहम्मद अली (50) अपने ही गांव के अंकुर (25) व आदित्य (8) बिजनौर में शादी में शामिल होने आये थे। रविवार की देर शाम तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर जा रहे थे। पेद्दा चौकी के सामने चेकिंग के लिए लगाये गये बैरियर से टकराकर मोहम्मद अली की मौत हो गई, जबकि अंकुर व आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया। बाइक सवार की की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
सड़क हादसों में दो भाइयों समेत तीन की मौत
हल्दौर। गांव बिलाई के निकट एक बाइक की ट्रक से टक्कर हो गई। जिसमें बाइक सवार युवक दो सगे भाईयों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार थाना शेरकोट के गांव छकरी निवासी अरजद अंसारी (21) पुत्र अहसान अंसारी व उसका भाई अरहान अंसारी (16) बाइक पर सवार होकर सोमवार दोपहर करीब दो बजे बजे नहटौर से अपने मामा सदाकत अंसारी के गांव बिलाई जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गांव बिलाई के निकट मोड़ पर उनकी बाइक बेकाबू होकर झालू से नहटौर की ओर जा रहे एक खाली ट्रक से टकरा गई। जिसमें बाइक चालक अरजद अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर बैठा उसका भाई अरहान अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने घायल अरहान को एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला अस्पताल भी भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जबकि ट्रक को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कारों की टक्कर से बाइक सवार की मौत
नहटौर। झालू मार्ग पर गांव रूखड़ियों के पास दो कार व एक बाइक की भिड़ंत में एक बाइक सवार की मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मोहल्ला सराय रजब अली निवासी युवक मोहम्मद उवैस व अबरार अहमद नहटौर से झालू की ओर बाइक से जा रहे थे। बताया जाता है कि गांव रूखड़ियों के पास दो कार व बाइक की भिड़ंत हो गई। जिसमें बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से बिजनौर रेफर कर दिया। लेकिन उपचार के दौरान अबरार की मौत हो गई। अबरार की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।