धामपुर के नगीना चौराहे पर वाहन चैकिंग करते सीओ व कोतवाल।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के धामपुर में कच्ची उम्र में भी बाइकों की रेस लगाकर खुद और दूसरों की जिंदगी खतरे में डालने वाले रफ्तार के शौकीनों पर शिकंजा कसने की कोशिश की जा रही है। इसी मुहिम के तहत सीओ ने रविवार को जबरदस्त चेकिंग अभियान चलाया। शनिवार रात पुलिस ने नगीना चौराहे पर चेकिंग कर 31 बाइक सवार किशोरों को गलत ड्राइविंग करते दबोच लिया।
बिना लाइसेंस के बाइक चला रहे किशोरों को उनके परिजनों की सुपुदर्गी में हिदायत देकर सौंपा ।। सीओ ने कहा कि यदि किशोर बाइक चलाते पकड़े जाते हैं तो उनके पिता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चेकिंग अभियान में पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। उधर, सीओ अशोक कुमार यादव का कहना है कि अभियान यातायात नियमों का पाठ पढ़ने के लिए चलाया गया।
बिना हेलमेट पहने वाहन चलाने पर कार्रवाई ःबिजनौर। एसपी उमेश कुमार श्रीवास्तव ने बिना हेलमेट दुपहिया वाहन दौड़ाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जिले में बढ़ रहे सड़क हादसों के मद्देनजर एसपी ने पुलिस को बिना हेलमेट के दुपहिया वाहनों को दौड़ाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। दुपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। एसपी ने अभियान चलाकर दुपहिया वाहनों पर हेलमेट अनिवार्य करने को कहा है।