नगीना। खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस में पीछे से बाइक के टकरा जाने से बाइक सवार 30 वर्षीय सूरज पुत्र ओमकार निवासी ग्राम मेनाठेर थाना बागवाला जिला एटा की मौत हो गई।
दुर्घटना बुधवार की सुबह करीब पांच बजे के आसपास की है। चंडीगढ़ से अल्मोड़ा जा रही उत्तराखंड रोडवेज की बस राष्ट्रीय राजमार्ग फोरलेन पर ग्राम सैदपुरी के सामने खराब हो गई। चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसी दौरान लुधियाना से बाइक से रुद्रपुर जा रहे सूरज की बाइक खड़ी बस में पीछे से टकरा गई। दुर्घटना में सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल सूरज को नगीना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिजनौर रेफर कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि बिजनौर से हायर सेंटर भेजने के बाद सूरज ने रास्ते में दम तोड़ दिया। उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है।