बिजनौर। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में यूपी अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो शुरू हो गया है, जिसमें बिजनौर के उद्यमियों ने भी अपने स्टॉल लगाए हैं। ट्रेड शो में पहले दिन शुक्रवार को उद्यमियों के स्टॉल पर ग्राहकों भी काफी भीड़ रहा। ग्राहकों ने उत्पादों के बारे में पूछताछ की। ऐसे में उद्यमियों को ट्रेड शो से बड़े ऑर्डर मिलने की संभावना है।
ट्रेड शो में कृषि आधारित उत्पादों में वीएस ग्रुप की विदुर हर्बल टी और क्रिएटिव फार्मिंग प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड का चुकंदर से तैयार गुड़ व साइलेज भी प्रदर्शित हुआ। इनके स्टॉल पर ग्राहकों की अच्छी भीड़ देखने को मिली। उत्पादों की पूछताछ होने से उद्यमी उत्साहित नजर आए। इसके अलावा उद्यमी रोहित कुमार की इकाई आरके हैंडीक्राफ्ट, विक्रम सिंह चौहान की श्रीजी क्राफ्ट और तारिक अब्दुल्ला की फर्म हैंडओवर इंटरनेशनल ने लकड़ी की कलाकृतियां और हस्तशिल्प उत्पाद प्रदर्शित किए। वहीं, अंकिता राजपूत की मतिहार और शमीम अख्तर के नेतृत्व वाली नगीना क्राफ्ट डेवलपमेंट सोसाइटी की ओर से स्टॉल लगाकर स्टोन हैंडीक्राफ्ट उत्पाद दिखाएं।
इसके अलावा खाद्य उत्पादों में नजीबाबाद की सोहन पापड़ी, बतीसा, गजक और हेयर फैशन इंडिया की ओर से आधुनिक हेयर विग के बारे में ग्राहकों ने खूब पूछताछ की।
विदुर ब्रांड की महिलाओं ने भी पुष्टाहार, हैंडलूम के उत्पाद प्रदर्शित किए
ट्रेड शो में विदुर ब्रांड की महिलाओं ने भी अपने तैयार उत्पादों को प्रदर्शित किया है। उत्पादों को देखने के लिए काफी संख्या में लोग उनके स्टॉल पर पहुंचे। सुनैना प्रेरणा महिला माइक्रो इंटरप्राइजेज का स्टॉल भी ट्रेड शो में लगा है। भावना ने बताया कि वह पुष्टाहार उत्पाद तैयार करती हैं। प्रदेश के दूसरे समूह भी तैयार कर रहे हैं लेकिन बिजनौर का समूह फायदे में चल रहा है। इसलिए, प्रजेटेंशन के लिए उनका स्टॉल ट्रेड शो में लगा है ताकि, लोगों को पता चल सके कैसे उन्होंने अपने कारोबार को बढ़ाया है। इसके अलावा विदुर प्रेरणा कैफे की अमृता देवी, विदुर ब्रांड हैंडलूम की मुनेश देवी ने भी अपना स्टॉल लगाया है। उनके स्टॉल की सराहना हो रही है।
ट्रेड शो में ग्राहक बिजनौर स्टॉल पर भी पहुंच रहे हैं। पहले दिन काफी उत्पादों की पूछताछ हुई। गुड़, हर्बल टी सहित अन्य उत्पादों के बारे में ग्राहकों ने उद्यमियों से जानकारी ली है। उम्मीद है ट्रेड शो से उद्यमियों के कारोबार को बढ़ावा मिलेगा। ....बलराज सिंह, सहायक आयुक्त उद्योग, बिजनौर