- अभिनेता मुश्ताक खान के इवेंट मैनेजर की तहरीर पर बिजनौर में रिपोर्ट दर्ज
- मुश्ताक खान के लिए मुंबई से दिल्ली तक फ्लाइट का टिकट कराया था बुक
- एयरपोर्ट पहुंची थी बिजनौर की स्कॉर्पियो, जिसकी तलाश में पुलिस भी जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। कॉमेडियन सुनील पाल का अपहरण करने से पहले बिजनौर का गिरोह बॉलीवुड अभिनेता मुश्ताक खान से भी वसूली कर चुका है। नवंबर में लोगों को सम्मानित कराने के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बनाने के बहाने मुश्ताक खान को बुलाया गया था। बाकायदा मुंबई से दिल्ली तक का फ्लाइट टिकट भी कराया। दिल्ली एयरपोर्ट से लेने के लिए बिजनौर की स्कॉर्पियो पहुंची थी।
मंगलवार को अभिनेता मुश्ताक मोहम्मद खान के इवेंट मैनेजर शिवम यादव निवासी जोगेशपुरी वेस्ट मुंबई की तहरीर पर शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई। इसमें कहा गया कि 15 अक्तूबर को मेरठ से राहुल सैनी ने मुश्ताक खान से वरिष्ठ लोगों को सम्मानित करने करने के लिए आयोजित कार्यक्रम के संबंध में बात की। कार्यक्रम के लिए राहुल सैनी ने रकम का भुगतान किया और 20 नवंबर का मुंबई से दिल्ली के लिए एक फ्लाइट टिकट बुक कराया।
20 नवंबर को मुश्ताक खान को दिल्ली एयरपोर्ट से राहुल सैनी द्वारा बुक कराई गयी स्कॉर्पियो से रिसीव किया गया। यह स्कॉर्पियो मेरठ लेकर आने वाली थी, जिसमें ड्राइवर के साथ एक अन्य व्यक्ति भी सवार था। उधर, जैन शिकंजी के पास ड्राइवर ने स्कॉर्पियो रोक ली और मुश्ताक को दूसरी गाड़ी में बैठा लिया।
इस गाड़ी को भी स्कॉर्पियो का ड्राइवर ही चला रहा था। कुछ दूर चलने के बाद गाड़ी में दो अन्य लोग भी सवार हो गए। इसका मुश्ताक मोहम्मद खान ने विरोध किया। मगर, आरोपियों ने आतंकित करते हुए अपहरण कर लिया और अज्ञात जगह पर ले गए। इसके बाद उनका मोबाइल लेकर एकाउंट से दो लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए।
बिजनौर में दो दिन तक बंधक रहे मुश्ताक
पुलिस सूत्रों के अनुसार मुश्ताक खान का अपहरण करने के बाद बिजनौर लाया गया। यहां पर उन्हें दो दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया। किसी तरह छूटकर मुश्ताक अहमद 23 नवंबर को भाग गए। मोहल्ला चाहशीरी में मुश्ताक खान को रखा गया था, जिनसे दो लाख रुपये वसूले गए।
स्कॉर्पियों की तलाश में लगी है पुलिस
पुलिस सूत्रों की मानें तो फिल्म अभिनेता मुश्ताक खान को स्कॉर्पियो ने लाया गया था। फिर इसी गाड़ी का इस्तेमाल मशहूर कॉमेडियन सुनील पाल का अपहरण करने के लिए भी किया गया। पुलिस इसी स्कॉर्पियो की तलाश में लगी है।