बिजनौर। जिले के माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों में देशभक्ति और एकता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से स्कूल बैंड प्रतियोगिता-2026 का आयोजन होगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता 28 सितंबर को सुबह 10 बजे केपीएस कन्या इंटर कॉलेज बिजनौर में आयोजित की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक डीके सक्सेना ने बताया कि सभी राजकीय, सहायता प्राप्त, वित्तविहीन मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को प्रतियोगिता में प्रतिभाग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतियोगिता में विद्यालयों की बैंड टीमों को प्रतिभाग करना होगा। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन, सामूहिक भावना और राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा दिया जाएगा। डीआइओएस ने बताया कि जिला स्तर पर चयनित टीमों को आगे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के लिए विद्यालयों को निर्धारित प्रारूप में टीम का पंजीकरण और प्रतिभागियों का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूल बैंड प्रतियोगिता में चार वर्गों बालक ब्रास बैंड, बालिका ब्रास बैंड, बालक पाइप बैंड, बालिका पाइप बैंड में प्रतिभाग होगा। विद्यालयों से कहा गया है कि वे अपनी टीमों को निर्धारित समय पर प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचाना सुनिश्चित करें।