बिरामपुर के लोगों ने दी धर्म परिवर्तन करने की चेतावनी
धामपुर(बिजनौर)। गांव इब्राहिमपुर नारायण उर्फ बिरामपुर में मंदिर के जीर्णोद्धार में आई रुकावट पर सैनी समाज के लोग आहत हैं। आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति द्वारा झूठी शिकायत करने पर जीर्णोद्धार रुकवा दिया गया, जिस कारण लोगों ने धर्म परिवर्तन करने की चेतावनी दी है।
गांव के शीशराम सैनी, बलराज सिंह, मितान, गजराज सिंह, प्रदीप कुमार, टीकाराम , महेश, अनुज कुमार, विनोद सैनी, राजेश कुुमार, टिंकू, कामेश सैनी, परशुराम, मनोज कुमार आदि का कहना है कि सैनी समाज के लोगों ने चंदा एकत्र करके गांव के बदहाल हो चुके मंदिर का जीर्णोद्धार करने का प्रयास किया। मगर गांव के एक व्यक्ति ने अधिकारियों को झूठी सूचना देकर कार्य को रुकवा दिया है। रानीबाग पुलिस चौकी पुलिस ने भी सैनी समाज के लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर दी है। आरोप है कि अभी भी आरोपी व्यक्ति द्वारा फर्जी केसों में फंसवाने की धमकी दी जा रही हैं। वह लोग भी दारोगा को अपना पक्ष सुनाकर न्याय की मांग कर चुके हैं, पर उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। सैनी समाज के लोगों ने एसडीएम से जांच कराकर समस्या का निदान कराने की मांग की है। चेताया है कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो वह सामूहिक तौर पर धर्म परिवर्तन करेंगे। जिसकी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।
मामले की जांच कर होगा समस्या का निदान: एसडीएम
एसडीएम धीरेंद्र सिंह का कहना है कि ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं है। मामले की जांच कराकर सैनी समाज के लोगों की समस्या का निदान कराने का प्रयास करेंगे। कोतवाल अरविंद मोहन शर्मा को गांव में पहुंचकर जांच कर रिपोर्ट भेजने को कहा है। उधर, कोतवाल अरविंद मोहन शर्मा का कहना है कि उनके स्तर से गांव में हलके के दारोगा को जांच के लिए भेजा है।