बिजनौर जिले ने गन्ना उत्पादन में दुनिया में अपना डंका बजा दिया है। फिलीपींस के गन्ना वैज्ञानिकों की टीम गन्ना उत्पादन तथा शुगर मिलों द्वारा तैयार की जा रही चीनी की तकनीकी का अध्ययन करने के लिए जिले के दो दिवसीय दौरे पर आई है। प्रथम दिन टीम ने पांच गांवों के खेतों पर जाकर गन्ना उत्पादन देखा है।
डीसीओ ओपी सिंह के मुताबिक जिले के किसानों ने ट्रेंच विधि से अर्ली वैरायटी का गन्ना ज्यादा रकबे में बोकर नया रिकार्ड बनाया है। इससे शुगर मिलों की रिकवरी का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चीनी उत्पादन के आंकड़े प्रकाशित होने के बाद फिलीपिंस की टीम गन्ना उत्पादन का अध्ययन करने के लिए बिजनौर दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को पहुंची है। टीम ने बालापुर,करौंदा चौंधर, सराय, आरएसएम धामपुर कृषि फार्म तथा शेरकोट में खेतों पर जाकर ट्रेंच विधि से बोए गन्ने को देखा। टीम ने इसको लेकर किसानों से वार्ता की। क्राफ्ट कटिंग में गन्ने का औसतन उत्पादन 190 क्विंटल प्रति बीघा सामने आया है। टीम के सदस्य धामपुर शुगर मिल पहुंचे। चीनी की क्वालिटी एवं उत्पादन की जमकर तारीफ की है। गन्ना समिति सचिव महिपाल सिंह मौजूद रहे।