ट्रेन पर गिरा पेड़ और बिजली की लाइन को दुरुस्त करते कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
योगनगरी ऋषिकेश से प्रयागराज संगम एक्सप्रेस ट्रेन बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बची। आंधी में चलती ट्रेन पर यूकेलिप्टस का पेड़ गिर गया। संयोग से विद्युत लाइन ट्रिप हो गई और बड़ा हादसा टल गया। ट्रेन रुकने पर दो और बड़े पेड़ ट्रेन पर गिर गए। यात्रियों में अफरातफरी मच गई। करीब एक घंटा दस मिनट बाद विद्युत लाइन दुरुस्त होने पर ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना हुई।
ट्रेन पर गिरा पेड़ और नीचे उतरे यात्री।
- फोटो : अमर उजाला
एक्सप्रेस ट्रेन 14230 पर चंदक रेलवे स्टेशन के निकट आंधी के बीच यूकेलिप्टस का पेड़ गिर गया। बुधवार की शाम करीब छह बजे ट्रेन और विद्युत लाइन पर पेड़ गिरते ही विद्युत लाइन ट्रिप हो गई। उधर, चालक ने भी इमरजेंसी ब्रेक लिए। ट्रेन रुकते ही कुछ फासले से दो और पेड़ ट्रेन पर गिर गए। ट्रेन पर पेड़ गिरते ही यात्रियों में करंट की आशंका से चीखपुकार मच गई।
हादसे के बाद खड़ी ट्रेन।
- फोटो : अमर उजाला
अनहोनी की आशंका से कुछ यात्री ट्रेन से उतरकर इधर-उधर भागने लगे। सूचना पर रेल पथ और टीआरडी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी घटना स्थल पहुंचे। ट्रेन, यात्रियों और विद्युत लाइन को नुकसान न पहुंचने पर रेल कर्मियों ने राहत की सांस ली। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद विद्युत लाइन और ट्रेन पर गिरे पेड़ हटाए गए। देर शाम 7:10 बजे ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
विद्युत लाइन ट्रिप होने से टला हादसा
एक्सप्रेस ट्रेन का चंदक में स्टॉपेज नहीं है। ट्रेन अपनी रफ्तार से चंदक रेलवे स्टेशन पार कर नजीबाबाद की ओर दौड़ रही थी। संयोग से आंधी में ट्रेन पर पहले यूकेलिप्टस का जो पेड़ गिरा, वह भारी भरकम नहीं था। पेड़ गिरते ही लाइन ट्रिप हो गई और जब भारी भरकम दो पेड़ ट्रेन पर गिरे उस समय ट्रेन खड़ी थी। बड़े पेड़ अगर दौड़ती ट्रेन पर पहले गिरते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
दो ट्रेनें प्रभावित हुईं
ट्रेन पर पेड़ गिरने से योग नगरी ऋषिकेश से प्रयागराज संगम एक्सप्रेस और देहरादून से काठगोदाम जाने वाली नैनी एक्सप्रेस प्रभावित हुईं। देहरादून से काठगोदाम जाने वाली नैनी एक्सप्रेस लगभग डेढ़ घंटा प्रभावित हुई।
यह भी देखें...
Saharanpur: बहू से हुई कहासुनी, सास ने ब्लेड से काटा पोती का गला, फिर नाटक कर बोली-हाय मेरी बच्ची को मार डाला