परिवार वालों ने शादी के लिए दबाव बनाया तो चार चचेरी बहनों ने घर छोड़ दिया। हालांकि इन्हें 52 दिनों के बाद पुलिस ने चंडीगढ़ से बरामद कर लिया है। फिलहाल वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है, जहां इनकी काउंसिलिंग की जा रही है।
शहर कोतवाली की बेगावाला चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी परिवार की चार बेटियां 17 मई को अचानक घर से लापता हो गई थीं। खूब ढूंढा गया परंतु कहीं कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस से गुहार लगाई। लड़कियों के एक फोन की लोकेशन दिल्ली में मिली, इसके बाद नोएडा और उत्तराखंड में भी मिली।
अब उनकी लोकेशन चंडीगढ़ में मिली थी। सोमवार रात टीम चंडीगढ़ पहुंची और चारों बहनों को बरामद कर लिया। पूछताछ में युवतियों ने बताया कि उनके परिवार वाले उनकी शादी गलत जगह करना चाहते थे। इसी बात को लेकर घर में हमेशा झगड़ा रहता था। इस कारण वे घर से निकल गईं और चंडीगढ़ जाकर एक फैक्टरी में काम करने लगीं। बरामद करने वाली टीम में प्रवीण कुमार जादौन, सिपाही मोहित कुमार, केशव चौधरी, महिला सिपाही कमल लता शामिल रहे।