उत्तर प्रदेश के बिजनौर में पुलिस विभाग से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो प्रकरण में नया घटनाक्रम सामने आया है। बढ़ापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक रहे नीरज तोमर को निलंबित किए जाने के बाद अब उनका एक महिला पुलिसकर्मी के साथ वीडियो सामने आया है।
इसमें दोनों मंदिर में एक-दूसरे को जीवनसाथी स्वीकार करने और साथ रहने की बात कहते नजर आ रहे हैं। वीडियो में महिला कुछ कानूनी अड़चनें होने का जिक्र करते हुए आगे कानूनी प्रक्रिया पूरी करने की बात कहती है। इससे पहले थाने के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनक वीडियो साझा होने के मामले में नीरज तोमर के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई थी।
आधिकारिक पुलिस ग्रुप में वीडियो साझा होने से शुरू हुआ विवाद
बिजनौर जिले के बढ़ापुर थाने के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनक वीडियो साझा होने का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई थी। जानकारी के अनुसार, वीडियो कुछ समय बाद ग्रुप से हटा दिया गया था, लेकिन तब तक कुछ पुलिसकर्मियों ने शेयर कर डाला था।
मामले की जानकारी मिलने पर बिजनौर के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने जांच के निर्देश दिए। जांच टीम ने संबंधित पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए। इसके बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर बढ़ापुर के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक नीरज तोमर को निलंबित कर दिया गया। इस मामले में विभागीय कार्रवाई भी शुरू की गई थी।
नए वीडियो में मंदिर में शादी करने का दावा
निलंबन के बाद अब सोशल मीडिया पर सामने आए नए वीडियो में नीरज तोमर एक महिला पुलिसकर्मी के साथ मंदिर में खड़े दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दोनों एक-दूसरे को जीवनसाथी मानने और साथ रहने की बात कहते हैं। महिला का कहना है कि उन्होंने मंदिर में मानसिक रूप से शादी कर ली है, लेकिन कुछ कानूनी अड़चनें अभी बाकी हैं। इन अड़चनों के दूर होने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करने की बात कही गई है।
वीडियो में महिला ने यह भी अपील की कि उन्हें परेशान न किया जाए और उनके मामले में अनावश्यक हस्तक्षेप न हो। हालांकि, वीडियो में जिन कानूनी अड़चनों का उल्लेख किया गया है।
शादी के दावे पर पुलिस की प्रतिक्रिया का इंतजार
आपत्तिजनक वीडियो प्रकरण में नीरज तोमर को निलंबित करने की कार्रवाई पहले ही हो चुकी है। अब मंदिर में शादी का दावा करने वाला वीडियो सामने आने के बाद इस घटनाक्रम पर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।