जिले की धामपुर, स्योहारा, बिलाई और चांगीपुर चीनी मिल ने सीबीजी प्लांट लगाने का प्रस्ताव दिया है। बहादुरपुर और बुंदकी चीनी युवा बायो एनर्जी कंपनी को प्रेसमड देंगी। अगर चीनी मिलों में सीएनजी प्लांट लग गए, तो जिले के लोगों को सस्ती सीएनजी उपलब्ध कराई जाएगी।
पेट्रोल, डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच सीएनजी वाहनों की मांग बढ़ रही है। ऐसे में बिजनौर में संचालित तीन चीनी मिल सीबीजी (कंप्रेस्ड बायोगैस) प्लांट लगाएंगी। यहां सीएनजी का उत्पादन हो सकेगा। चार चीनी मिलों ने प्लांट लगाने का प्रस्ताव दिया है।
विज्ञापन
Trending Videos
जिले में गन्ने से चीनी बनाने के साथ अब उससे निकलने वाले प्रेसमड (मैली) को किसानों को दिया जाता है लेकिन अब इसका प्रयोग सीएनजी तैयार करने के लिए होगा। धामपुर, स्योहारा, बिलाई और चांगीपुर चीनी मिल ने सीबीजी (कंप्रेस्ड बायोगैस) प्लांट लगाने का प्रस्ताव दिया है। धामपुर चीनी मिल ने रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के साथ एमओयू साइन किया है। प्लांट शुरू होने के बाद गन्ने के अवशेष और अन्य जैविक सामग्री से सीएनजी तैयार की जाएगी।
जबकि, बहादरपुर और बुंदकी चीनी मिल ने युवा बायो एनर्जी कंपनी को प्रेसमड उपलब्ध कराने के लिए एमओयू किया है। प्रेसमड चीनी मिलों में चीनी शोधन की प्रक्रिया के दौरान निकलने वाला जैविक अवशेष है। अब इसका इस्तेमाल बायोगैस और जैविक खाद बनाने में होगा। चीनी मिलों के इस कदम से ऊर्जा उत्पादन में बढ़ोतरी होगी।
जिले में सस्ती मिल सकेगी सीएनजी
पेट्रोल पंप स्वामी देवांश गुप्ता का कहना है कि अभी तक आसपास के जिलों से बिजनौर में सीएनजी की सप्लाई हो रही है। अगर, जिले में ही उत्पादन होगा तो ग्राहकों को कम कीमत में ही सीएनजी मिलने की पूरी संभावना है। इससे पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। स्थानीय स्तर पर सीएनजी उपलब्ध होने से परिवहन क्षेत्र को पूरा लाभ मिलेगा।
धनौरा इकाई में जाएगा चांदपुर, बिजनौर चीनी मिल का प्रेसमड
चांदपुर और बिजनौर ग्रुप की एक सह इकाई धनौरा में स्थापित है, जिसके चलते चांदपुर और बिजनौर चीनी में प्रेसमड धनौरा इकाई को भेजा जाएगा। इसलिए, ये इकाई बिजनौर में सीबीजी प्लांट नहीं लगा रही हैं। वहीं, बरकातपुर चीनी का प्रेसमड किसानों को वितरित किया जा रहा है। इसके अलावा नजीबाबाद चीनी मिल की प्लांट लगाने की कार्रवाई उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ लखनऊ से होगी।
ये बोले अधिकारी
जिले को सीबीजी हब बनाने का प्रयास किया जा रहा है। चार चीनी मिलों ने सीबीजी प्लांट स्थापित करने के लिए प्रस्ताव दिया है। जल्द ही एमओयू साइन होने के बाद काम शुरू होगा। -अमित कुमार, उपायुक्त उद्योग, बिजनौर