बिजनौर। सोलर ऊर्जा के माध्यम से लोगों को सस्ती बिजली उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने पीएम सूर्यघर योजना शुरू की है। प्रदेश में पीएम सूर्य घर योजना में बिजनौर का पहला स्थान है। जिले में इस योजना के तहत करीब 22 हजार लोगों ने अपना पंजीकरण कराया है। सरकार योजना के तहत उपभोक्ता को सब्सिडी भी दे रही है।
पीएम सूर्यघर योजना के तहत उपभोक्ता अपने घर पर सोलर पैनल लगाकर सौर ऊर्जा का उत्पादन करेंगे। उपभोक्ता अतिरिक्त ऊर्जा ग्रिड को आपूर्ति कर आय प्राप्त कर सकते हैं। जिले को पीएम सूर्यघर योजना के तहत 22500 पंजीकरण कराने का लक्ष्य था। जिसके चलते लक्ष्य के शत प्रतिशत पंजीकरण हो गए हैं। योजना के तहत उपभोक्ता एक किलोवाट से 10 किलोवाट तक का संयंत्र लगवा सकते हैं। एक और दो किलोवाट तक के संयंत्र पर 70 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। उपभोक्ता डाकखाने, ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। पीएम सूर्य घर योजना का उद्देश्य घर-घर को ऊर्जा स्वावलंबी बनाना है।
- बिजली बिल घटकर 400 रुपये तक हो जाएगा
एसडीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि दो किलोवाट क्षमता के आवासीय कनेक्शन का विद्युत बिल करीब एक हजार से दो हजार रुपये आता है। सोलर लगाने से यह बिल 200 से 400 रुपये तक हो जाएगा। जिससे उपभोक्ताओं को काफी फायदा होगा।
- ईएमआई पर भी लगवा सकते हैं सोलर प्लांट
बिजनौर डिवीजन के अधिशासी अभियंता अजय कुमार कैम ने बताया कि पीएम सूर्यघर योजना के तहत 1 से 2 किलोवॉट क्षमता के रूफटॉप सोलर प्लांट पर 70 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है। शेष 30 प्रतिशत राशि उपभोक्ता ईएमआई के माध्यम से भी जमा कर सकते हैं। एक हजार रुपये तक की ईएमआई पर सोलर प्लांट लगेगा। एक हजार रुपये की ईएमआई चार साल तक देनी होगी। इसके बाद उपभोक्ता 25 साल तक प्लांट से मुफ्त बिजली प्राप्त होगी।
- प्रदेश में दूसरे स्थान पर अलीगढ़
मिली जानकारी के अनुसार पीएम सूर्य घर योजना में पंजीकरण कराने में प्रदेश में बिजनौर अव्वल है। दूसरे नंबर पर अलीगढ़, तीसरे स्थान पर बहराइच, चौथेे स्थान पर बस्ती और पांचवें स्थान पर सहारनपुर है।
- वर्जन : जिले में पीएम सूर्यघर योजना लक्ष्य को पूरा कर लिया गया है। प्रदेश में बिजनौर का पहला स्थान है। सभी कर्मचारियों ने लोगों को जागरूक कर लक्ष्य पूरा किया। अभी भी योजना के तहत पंजीकरण कराए जा रहे हैं। - मुकेश कुमार सिंह, डाक अधीक्षक, बिजनौर