बिजनौर। नोएडा में चल रहे ट्रेड शो के दूसरे दिन बिजनौर के उत्पादों की खूब मांग रही। ग्राहकों ने नए डिजाइन के काष्ठकला उत्पादों को खूब सराहा। ट्रेड शो के बिजनौर के उद्यमियों को विदेशों से बड़े ऑर्डर मिलने की संभावना है।
नोएडा में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में विदेशों के ग्राहक उत्पाद देखने पहुंचे हैं। यहां उत्पाद पसंद करने के बाद ही ऑर्डर देंगे। इसलिए, उद्यमियों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए बेहतर और नए डिजाइन के काष्ठकला उत्पाद तैयार किए। बिजनौर से 10 उद्यमी ट्रेड शो में गए हैं।
साथ ही काष्ठकला, ब्रश, शहद सहित अन्य उत्पादों के आठ स्टॉल लगे हैं। सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र बिजनौर की पारंपरिक लकड़ी की नक्काशी रही। इसे न सिर्फ घरेलू ग्राहकों ने सराहा। बल्कि, विदेशी ग्राहकों ने भी खूब पूछताछ की। उद्यमियों ने बताया कि इस ट्रेड शो से उन्हें अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिलता है।