15 जून को हुई बरसात में हीमपुर दीपा की ग्राम प्रधान पूनम देवी के घर के पीछे पानी जमा हो गया था, इस पानी की निकासी को लेकर विवाद हुआ। महिला प्रधान और उनके पति संजय कुमार पर पड़ोसियों ने हमला कर दिया। इस मारपीट की किसी ने वीडियो बना ली। वीडियो में नजर आया कि प्रधान के पति पर पड़ोसी डंडों से मारपीट कर रहा है। काफी दूर तक डंडों से पीटते हुए लाया गया।
इसके साथ ही प्रधान के बाल पकड़कर खींचे गए और धक्का देकर गिराया गया। पीड़ित ग्राम प्रधान व प्रधान के पति ने थाने में पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि पुलिस ने एक आरोपी कुणाल का शांतिभंग में चालान कर मामला शांत कर दिया।
पीड़ित ने हीमपुर दीपा पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट होकर 17 जून को पुलिस अधीक्षक बिजनौर के यहां प्रार्थना पत्र दिया। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ चांदपुर को मामले की जांच सौंपी। अब पीड़ित प्रधान के पति संजय कुमार ने न्यायालय की शरण ली है।