यूपी पंचायत चुनाव रिजल्ट 2021: बिजनौर में मतगणना शुरू।
- फोटो : amar ujala
बिजनौर जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर जिले की सियासत गरमा गई है। अध्यक्ष पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं। भाजपा के लिए अध्यक्ष पद हथियाना टेढ़ी खीर हो गया है। भाजपा सदस्यों को साधने में उलझी है। अभी तक दस सदस्य ही भाजपा के पाले में दिखाई दे रहे हैं। सपा और रालोद गठबंधन के पास 26 सदस्य हैं। अध्यक्ष बनने के लिए 29 सदस्यों की जरूरत है। इस माह के अंत तक चुनाव होने की उम्मीद लगाई जा रही है। सदस्यों की खरीद फरोख्त का खेल भी शुरू होने जा रहा है।
जिला पंचायत के 56 सदस्य हैं। इनमें सपा के 20, रालोद के चार, भाकियू के दो सदस्य हैं। भाजपा के आठ, आजाद समाज पार्टी के आठ, बसपा के पांच व बाकी निर्दलीय हैं। सदस्य पद के चुनाव को लेकर घमासान शुरू हो गया है। सबसे ज्यादा दिक्कत भाजपा खेमे में है। भाजपा पूर्व जिला पंचायत साकेंद्र चौधरी को चुनाव मैदान में उतारने का मन बना रही है।
चौहान बिरादरी के आयुष चौहान भी प्रत्याशी बनने के लिए ताल ठोक रहे हैं। भाजपा के पास अभी तक आठ पार्टी व दो अन्य मिलाकर अभी तक केवल दस सदस्य हो रहे हैं। भाजपा की नजर रालोद के चार सदस्यों के साथ निर्दलियों पर भी है। दूसरे दलों के सदस्यों को भी भाजपा अपने पाले में लाने का प्रयत्न कर रही है।
साकेंद्र चौधरी को लेकर पार्टी निर्णय ले चुकी है। इसे लेकर साकेंद्र चौधरी के खेमे में हलचल है। सभी को एक मंच पर लाने की कोशिश चल रही है। सबसे बड़ी बात यह है कि भाजपा 29 सदस्य चुनाव जीतने के लिए कहां से लाए। सपा ने अभी अपने प्रत्याशियों के पत्ते नहीं खोले हैं।