बिजनौर में हाथ में पिस्टल लेकर लूट की कोशिश करता आरोपी।
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद में सोमवार शाम को लूट की एक सनसनीखेज वारदात हो गई। यहां मुथूट फिनकॉर्प गोल्ड लोन कंपनी के ऑफिस में एक बदमाश ने लूटपाट की कोशिश की। इस दौरान सायरन बजा दिए जाने पर बदमाश भागने लगा। वहीं सायरन की आवाज सुनकर कार्यालय के बाहर पॉपकार्न बेच रहे एक ठेलेवाले होशराम निवासी गांव सलेमपुर ने साहस दिखाया और भागते बदमाश को दबोच लिया। बदमाश ने दबोचे जाने पर फायरिंग कर दी, इससे दहशत में आए पॉपकार्न विक्रेता की हार्ट अटैक से मौत हो गई और बदमाश फरार हो गया।
पुलिस ने घटना स्थल के सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। बदमाश की पहचान कराने की कोशिश की जा रही हैं। सिविल लाइन क्षेत्र में फिनकॉर्प गोल्ड लोन कंपनी का ऑफिस है। एक युवक कमर पर पिटठू बैग लटकाकर सोमवार शाम कंपनी के ऑफिस में पहुंचा और प्रबंधक अभी चौहान से गोल्ड लोन लेने की बात करने लगा। उस समय कार्यालय में सहायक प्रबंधक अन्नत चौहान व रजनी सिंह भी मौजूद थी। करीब 15 मिनट बात करने के बाद अचानक बदमाश ने अपने दोनों हाथों में लिए पिस्टल प्रबंधक और स्टाफ पर तान दिए। इसी बीच अन्नत चौहान ने सायरन का बटन दबा दिया, सायरन बजते ही बदमाश भाग निकला। पुलिस ने होशराम के शव को कब्जे में ले लिया है।