बिजनौर में तीन छात्राएं अचानक लापता हो गईं। दिनभर पुलिस और परिजन उन्हें ढूंढते रहे लेकिन, उनका पता नहीं चल सका। फिर शाम में एक छात्रा मिली। उसने पूरी सच्चाई बताई है।
बिजनौर जिले के बढ़ापुर में परीक्षा देने के लिए स्कूल गईं तीन छात्राएं दिल्ली पहुंच गईं, जबकि परिवार वाले और पुलिस उन्हें ढूंढती रही। एक छात्रा को शाम तक पुलिस ने तलाश कर लिया। उसी छात्रा ने दो छात्राओं के दिल्ली में होने की जानकारी दी।
विज्ञापन
क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में कक्षा आठ और 11 में पढ़ने वाली बढ़ापुर के एक मोहल्ले की तीन छात्राएं शुक्रवार को गृह विज्ञान की परीक्षा देने के लिए घर से निकली थीं। छात्राओं के शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। उनके काफी तलाशने पर भी छात्राओं का पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने पुलिस की मदद ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस छात्राओं की खोजबीन में लग गई। छात्राओं में से दो छात्राएं कक्षा आठ व एक छात्रा कक्षा 11 की है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों छात्राओं के परिजनों की ओर से छात्राओं की गुमशुदगी की तहरीर मिली है और खोजबीन में एक छात्रा का पता लग गया है। इसी छात्रा ने अन्य दोनों छात्राओं के बारे में भी बता दिया है।
सीओ नगीना सुमित शुक्ला ने बताया कि तीनों छात्राएं घूमने के लिए दिल्ली चली गईं थीं। इनमें से एक छात्रा लौट आई है। जिसने पुलिस को बताया है कि दो छात्राएं अभी दिल्ली में हैं। उन्हें लाने के लिए पुलिस और परिजन गए हुए हैं।