पीड़ित व्यक्ति के साथ मारपीट करने के मामले में दरोगा पर गाज गिर गई है। एसपी ने तत्काल प्रभाव से दरोगा को निलंबित कर दिया गया है। जानिए आखिर मामला क्या था।
बिजनौर जनपद के नूरपुर में एक दरोगा को मारपीट के मामले में निलंबित किया गया है। पीड़ित व्यक्ति द्वारा लूट का मोबाइल दिखाए जाने की मांग पर दरोगा ने मारपीत की थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया है।
विज्ञापन
पति-पत्नी से बदमाशों ने लूटा था मोबाइल और सोने की चेन व कुंडल
ग्राम अस्करीपुर निवासी पंकज और उसकी पत्नी से तीन बदमाशों ने मोबाइल, सोने की चेन व कुंडल लूट लिए थे। शिवालाकलां पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटा गया मोबाइल बरामद किया था।
एसपी से की गई थी मामले की शिकायत
पंकज का आरोप है लूट का खुलासा होने पर वह अपने रिश्तेदार चंद्रप्रकाश के साथ थाने गया और दरोगा मुन्नालाल गौतम से बरामद मोबाइल दिखाने को कहा तो दरोगा ने उनके साथ अभद्रता करते हुए चंद्रप्रकाश के साथ मारपीट की। इस मामले की शिकायत एसपी से की गई थी।
एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने एएसपी ग्रामीण को जांच सौंपी थी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसपी ने दरोगा मुन्नालाल गौतम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।