बिजनौर के चांदपुर-महमूदपुर रोड पर स्थित प्लाईवुड फैक्टरी में आग लगने से करोड़ों का नुकसान हो गया। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों, फैक्टरी में बने पानी स्टॉक व एक अन्य प्लाईवुड फैक्टरी के टैंकरों की मदद से लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मोहल्ला चिम्मन निवासी कासिम की चांदपुर-जलीलपुर रोड से गांव महमूदपुर जाने पर रास्ते पर ईशा प्लाईबुड के नाम से प्लाई फैक्टरी है। फैक्टरी मालिक कासिम ने बताया कि शुक्रवार की रात अचानक फैक्टरी से आग की लपटे उठने लगी। आग की लपटें देख फायर स्टेशन को फोन किया। फैक्टरी में आग की लपटें देख बड़ी संख्या में फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर व आसपास के लोग आग बुझाने में जुट गए।
यह भी पढ़ें: Meerut: साकेत में हाई वोल्टेज ड्रामा, ससुराल में नहीं मिली एंट्री, डेढ़ घंटा घर के बाहर खड़ी रही नेहा दीवान
कासिम ने बताया कि फैक्टरी में ही करीब 50 हजार लीटर का पानी स्टॉक रहता है। हल्दौर रोड स्थित प्लाई फैक्टरी के मालिक पंकज वैश्य ने भी अपनी फैक्टरी से करीब आधा दर्जन पानी से भरे टैंकर भेजकर आग बुझाने का प्रयास किया।
आग इतनी विकराल रूप धारण कर चुकी थी कि चांदपुर, बिजनौर, धामपुर की फायरब्रिगेड की गाड़ियों की मदद से शनिवार की सुबह तक आग पर काबू पाया गया। आग लगने से फैक्टरी का नया टीन शेड लटक गया। कई मशीन खराब हो गई। करीब एक करोड़ से ज्यादा का नुकसान माना जा रहा है। फैक्टरी मालिक के मुताबिक किसी ने आग लगाई है।