- बल्ला शेरपुर गांव में मां-पिता के साथ खेत पर भी पांच साल की बच्ची
- नगीना के गांव सहालीपुर कोटरा में परिवार के साथ घर में बैठा था बालक
संवाद न्यूज एजेंसी
नहटौर/नगीना (बिजनौर)। गांव बल्ला शेरपुर में गुलदार ने पांच वर्षीय बालिका पूर्वी पर हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं, नगीना क्षेत्र के गांव सहालीपुर कोटरा में भी गुलदार ने दस वर्षीय बालक पर हमलाकर घायल कर दिया।
गांव बल्ला शेरपुर निवासी अंकित अपनी पत्नी और पांच वर्षीय पुत्री पूर्वी के साथ शुक्रवार शाम को खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान वहां गुलदार आ गया और उसने पूर्वी पर हमला कर दिया। हमले में पूर्वी के गले पर व पैर पर गहरा जख्म हो गया। बच्ची के माता-पिता ने किसी तरह गुलजार से उसे बचाया। जिसके बाद पूर्वी के परिजन उसे नगर सीएससी में लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं, नगीना क्षेत्र के गांव सहालीपुर कोटरा में घर के अंदर बैठे एक 10 वर्षीय बालक पर गुलदार ने हमला कर उसे घायल कर दिया। शुक्रवार शाम करीब 8:30 बजे परिवार के साथ घर पर बैठे कुलदीप के बेटे अरनव पर गुलदार ने हमला बोल दिया। गुलदार के घर के भीतर घुसते ही परिवार के अन्य सदस्यों ने शोर मचा दिया तो गुलदार भाग गया। बालक को परिजन नगीना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाए। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नवीन कुमार का कहना है कि बालक के पैरों पर गुलदार के पंजे के निशान हैं। खतरे वाली कोई बात नहीं है।