उत्तर प्रदेश के बिजनौर में शनिवार सुबह स्योहारा थानाक्षेत्र में नहर के किनारे मादा गुलदार का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया गया कि गांव जमालपुर में नहर के पास ग्रामीणों ने एक मादा गुलदार का शव पड़ा देखा। ग्रामीणों ने पुलिस और वन विभाग को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
वन विभाग अधिकारी एकेएस भास्कर ने बताया कि ग्रामीणों ने मादा गुलदार का शव पड़ा होने की सूचना दी थी। टीम मौके पर पहुंची और शव की जांच की। शव का निरीक्षण करने पर सामने आया कि यह मादा गुलदार शावक (cub) है। उसके शरीर पर चोट के अनेक निशान मिले हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि किसी सुअर जैसे जंगली जानवर के हमले से घायल होने के बाद मादा शावक की मौत हुई है।
यह भी पढ़ें: Meerut: बसपा नेता हाजी याकूब की शामत, परिवार की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही पुलिस, जल्द हो सकती है बड़ी कार्रवाई
वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि गुलदार के मादा शावक की आयु लगभग 6 माह होगी। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने वन अधिकारी से गांव के जंगल में पिंजरा लगवाने की मांग करते हुए कहा है कि क्षेत्र में अभी कई गुलदार हैं। जो ग्रामीणों पर हमला भी कर रहे हैं।
ग्रामीण सतीश, नौबहार सिंह, चेतराम, आकाश आदि का कहना है कि इस क्षेत्र में गुलदार अक्सर देखे जा रहे हैं। दो मई को भी एक मादा गुलदार ने गांव जमालपुर के ही तुषार चौधरी और चंचल काकरान के ऊपर जानलेवा हमला किया था।
उस समय ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से गांव के पास जंगल में पिंजरा लगवाने की मांग की थी। लेकिन विभाग द्वारा मांग को अनसुनी कर दिया गया था।