बिजनौर में चिपकाए गए पम्पलेट संवाद
बिजनौर। पूजा तुम कहां हो...अब आ जाओ, तुम्हें 17 साल से ढूंढ रहा हूं...ये लाइन बिजनौर में जगह जगह लगाए गए पोस्टरों पर लिखी हुई है। इन्हें कोई प्रेम दीवाना लगा रहा है या कोई अन्य। पुलिस जांच में जुटी हुई है। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।
ए-फोर साइज के सफेद कागज पर लाल पैन से छह लाइनों में किसी पूजा के लिए संदेश लिखा गया है। लिखा है कि पूजा तुम कहां हो आईएएस, आईपीएस के मंुह पर थूककर आ जाओ, मैं तुम्हें 17 साल ढूंढ रहा हूं। सबसे नीचे अरुण बिजनौर लिखा हुआ है। सबसे पहले इस तरह के पोस्टर नुमाइश ग्राउंड के पास नजर आए थे। अब शहर के अन्य जगहों और गली मोहल्लों में भी लगे हुए नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि उक्त पोस्टर चस्पा करने वाला बीते पांच छह दिनों से सक्रिय है। क्योंकि शुरुआत में यह पोस्टर नुमाइश ग्राउंड के पास सड़क पर चस्पा किए गए थे।
इसके बाद मामला शांत रहा। अब रविवार और शनिवार की रात भी किसी वक्त किसी ने पोस्टर चस्पा कर दिए। सोमवार को लोग उधर से गुजरे तो उनकी नजर पड़ी। एसपी अभिषेक झा ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।