शराब की दुकानें खुलने का समय सुबह दस बजे है, मगर मिलीभगत के चलते दयालवाला में ठेके पर सुबह छह बजे से ही शराब बिकने लगती है। मंगलवार को इससे आक्रोशित महिलाओं ने हंगामा कर दिया। सेल्समैन की पिटाई करते हुए दौड़ा लिया। मौके पर पहुंची पुलिस सेल्समैन को थाने ले आई और शांतिभंग की धाराओं में चालान कर दिया। उधर चड्ढा ग्रुप की ओर से उक्त दुकान के दोनों सेल्समैन को हटा दिया गया है।
मंडावर क्षेत्र के गांव दयालवाला के पास मंडावर रोड पर चड्ढा ग्रुप का देशी शराब का ठेका है। सोमवार सुबह आठ बजे गांव सिमला कला की छह-सात महिलाएं देशी शराब के ठेके पर जा पहुंची और हंगामा करने लगीं। सेल्समैन के द्वारा सुबह छह बजे से ही शराब बिक्री का विरोध किया। विरोध होता देख सेल्समैन ने महिला को धक्का देकर भागने का प्रयास किया। लेकिन ठेके के सामने खड़ीं अन्य महिलाओं ने उसे दबोच लिया और पीट दिया।
सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस सेल्समैन शीशराम निवासी हरदोई को अपने साथ थाने ले गई। बताया गया कि उक्त दोनों सेल्समैन रात में भी दुकान पर ही रहते हैं। ऐसे में नियमों की अनदेखी कर सवेरे से ही शराब की बिक्री करने लगते थे। लोगों का आरोप है कि आबकारी विभाग की मिलीभगत से नियमों से खिलवाड़ किया जा रहा है।
सीओ सिटी संग्राम सिंह ने बताया कि एक महिला ने सेल्समैन के खिलाफ तहरीर दी है। जिसके आधार पर कार्रवाई की जा रही है। उधर, चड्ढा ग्रुप के प्रबंधक कुलवेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों ही सेल्समैन को दुकान से हटा दिया गया है। निर्देश हैं कि सुबह दस बजकर एक मिनट पर ही दुकान खोली जाए।