बिजनौर जिले के धामपुर थाना क्षेत्र के मटौरामान गांव में शुक्रवार देर रात वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे में एक गुलदार कैद हो गया। गुलदार के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। पिछले कुछ दिनों से गांव और आसपास के इलाकों में गुलदार की मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ था।
तीन दिन पहले शावकों के साथ दिखा था गुलदार
जानकारी के अनुसार करीब तीन दिन पहले मटौरामान गांव में हितेश्वर चौधरी के गन्ने के खेत में एक गुलदार अपने तीन शावकों के साथ देखा गया था। खेत में गुलदार दिखने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया था। इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम गांव पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। हालात को देखते हुए टीम ने गुलदार को पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा लगाने का निर्णय लिया।
शुक्रवार शाम लगाया गया था पिंजरा
वन विभाग की टीम ने शुक्रवार शाम गांव में एक पिंजरा लगाया था। देर रात किसी समय गुलदार उस पिंजरे में कैद हो गया। शनिवार सुबह इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और गुलदार को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई।
आसपास के जंगलों में अब भी गुलदार होने की आशंका
ग्रामीणों का कहना है कि गांव और आसपास के जंगलों में अभी भी कई गुलदार देखे जा रहे हैं। ऐसे में लोगों में डर बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से अलग अलग स्थानों पर पिंजरे लगाने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके और क्षेत्र में फैला भय समाप्त हो सके।