उत्तर प्रदेश के बिजनौर में गुलदार के हमले तो बढ़ ही रहे हैं साथ ही गुलदार की मौत के मामलों में भी इजाफा हो रहा है। मंगलवार को कादराबाद थानाक्षेत्र के गांव बेरिखत्ता में ग्रामीणों के खेत में नर गुलदार का शव मिलने से दहशत फैल गई। सूचना वन विभाग की टीम को दी गई है। गुलदार की मौत को कारण अभी स्पष्ट नहीं है। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार वन विभाग की नगीना रेंज स्थित गांव बेरीखत्ता निवासी गुरदेव पुत्र बलवंत ने बताया कि सुबह उसके खेतों में मजदूर गन्ना छीलने गए थे। अचानक मजदूरों की नजर खेत में गन्ने के बीच पड़े गुलदार पर पड़ी, जिसे देख मजदूरो के होश उड़ गए और वहां से भाग खड़े हुए, लेकिन काफी देर तक गुलदार में कोई हलचल न होती देख हिम्मत जुटाते हुए गुलदार के समीप जाकर देखा तो वह मृत अवस्था में दिखाई दिया।
उन्होंने अफजलगढ़ पुलिस के साथ वन विभाग को भी सूचना दी। वन कर्मी मौके पर पहुंचे ओर ग्रामीणों से गुलदार के आसपास न जाने की हिदायत दी। वहीं वन विभाग की टीम के पहुचंने पर गुलदार की मौत के कारण का पता चल सकेगा। वन दरोगा सुनील राजौरा ने बताया की गुलदार के पीएम के बाद ही मौत का कारण व उम्र आदि का पता चल पाएगा।