अस्पताल में हो रहा इलाज। सांकेतिक तस्वीर।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
नहटौर के गांव सलामताबाद में चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां लौकी की सब्जी खाने के बाद एक ही परिवार के आठ सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को उल्टी और दस्त की गंभीर शिकायत होने पर तत्काल उपचार के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच के बाद फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई है।
गांव निवासी अरविंद कुमार ने बताया कि उनके भाई अरुण कुमार मंगलवार को नहटौर से लौकी खरीदकर घर लाए थे। बुधवार को उसी लौकी की सब्जी बनाकर परिवार के सदस्यों ने खाई। खाना खाने के कुछ समय बाद ही परिवार के लोगों में पेट दर्द, उल्टी और दस्त के लक्षण दिखने लगे। देखते ही देखते सभी की हालत चिंताजनक हो गई।
जिन लोगों की तबीयत बिगड़ी है, उनमें अरविंद कुमार (36), अरुण कुमार (32), संतोष देवी (55), सोनिका (32), मयंक (5) और भगवती (70) सहित परिवार के अन्य सदस्य शामिल हैं। इतना ही नहीं, घर में काम करने आए गांव बसावनपुर निवासी राजमिस्त्री सोनी (40) की भी सब्जी खाने के बाद तबीयत खराब हो गई।
यह घटना खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से इस मामले की गहन जांच और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद मुहैया कराने की उम्मीद की जा रही है। इस तरह की घटनाएं लोगों के बीच डर का माहौल पैदा करती हैं और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर चिंता बढ़ाती हैं। सभी पीड़ित फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में हैं और बृहस्पतिवार को उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।