धामपुर पुलिस ने थाना क्षेत्र के गांव भटियाना खुशहालपुर निवासी 24 वर्षीय शिवम हत्याकांड का बुधवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी हरवेंद्र उर्फ नन्हे को गिरफ्तार किया है। हरवेंद्र ने रंजिशन बाइक से टक्कर मारकर शिवम की हत्या की थी।
सीओ अभय कुमार पांडे ने बताया कि 20 नवंबर की रात को भटियाना खुशहालपुर के शिवम का शव गांव के एक रास्ते पर पड़ा मिला था। उसके सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे। मुंह से खून बह रहा था। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। रिपोर्ट में उसके सिर में चोट लगने के कारण मौत होना पुष्ट हुआ था।
इस मामले में मृतक शिवम की मां शीला देवी ने गांव के हरवेंद्र उर्फ नन्हे, हरवेंद्र की पत्नी और पिता जयपाल के खिलाफ खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने बुधवार को मुख्य आरोपी हरवेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
हरवेंद्र उर्फ नन्हे धामपुर के नगीना मार्ग स्थित एक निजी विद्यालय में स्कूली बस चालक है। बकौल सीओ, मृतक शिवम नशे का आदी था। किसी बात को लेकर शिवम और हरवेंद्र में कहासुनी होने पर रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते जब शिवम गांव में एक फंक्शन से नशे की हालत में अपने घर लौट रहा था।
हरवेंद्र ने बाइक से उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है। अन्य आरोपी हरवेंद्र की पत्नी, उसके पिता जयपाल सिंह के खिलाफ साक्ष्य मिलने पर कार्रवाई की बात पुलिस ने कही है।