दूध लेकर पहुंचा मजदूर, फर्श पर मिला शव
शुक्रवार सुबह करीब छह बजे बाग के परिसर में रहने वाला मजदूर नौशाद दूध लेकर अनिल कुमार सोती के घर पहुंचा। उसने दरवाजा खुलवाने के लिए आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
इसके बाद वह दूसरे दरवाजे की ओर गया, जो खुला हुआ था। अंदर जाने पर अनिल कुमार सोती का शव फर्श पर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह, सीओ अभय कुमार पांडेय और थाना प्रभारी अवनीत मान फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अनिल सोती के दोनों मोबाइल फोन बिस्तर पर रखे मिले, जबकि उनकी चिड़ीमार बंदूक तख्त पर रखी थी।
मंगलवार को बाग में घूमती दिखी थीं गाड़ियां
अनिल कुमार सोती के चचेरे भाई नीरज सोती ने बताया कि मंगलवार को अनिल ने उन्हें फोन कर बाग में संदिग्ध गाड़ियों के घूमने की जानकारी दी थी। नीरज के अनुसार, उन्होंने अनिल को बाग में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की सलाह दी थी।
परिजनों और करीबियों को आशंका है कि बाग में गाड़ियों से आने वाले लोग घटना से पहले रेकी कर रहे हो सकते हैं। हालांकि पुलिस ने अभी इस आशंका की पुष्टि नहीं की है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय ने बताया कि शरीर पर जाहिरा तौर पर चोट के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के सही कारण की पुष्टि होगी। उन्होंने बताया कि मृतक के भतीजे की ओर से जमीन का एग्रीमेंट किए जाने के बाद जनसुनवाई पोर्टल पर की गई शिकायत का निस्तारण कर दिया गया था। पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है।