छोटे भाई के निकाह के लिए खरीदारी करने जा रहे बाइक सवार तसलीम उर्फ कल्लू (30) और उनकी पत्नी तमन्ना (28) की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा शुक्रवार को नहटौर-पैजनिया मार्ग गांव मानकपुर के पास हुआ। तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने पहले बाइक और फिर एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई रिक्शा में सवार एक युवती, महिला समेत तीन लोग घायल हो गए।
हल्दौर क्षेत्र के गांव अथाई जमीरुद्दीन निवासी तसलीम उर्फ कल्लू शुक्रवार को अपनी पत्नी तमन्ना के साथ बाइक से नहटौर जा रहे थे। रास्ते में मानकपुर के पास पहुंचे तो सामने से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दंपती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसके बाद कार ने शेखपुरा लाला निवासी परवीन (45) के ई-रिक्शा को भी टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक परवीन के अलावा उसमें सवार प्रियंका (20) पुत्री धर्म सिंह निवासी शेखपुरा लाला और रिंकी (25) पत्नी अरविंद कुमार निवासी सदरुद्दीननगर भी घायल हो गईं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। तसलीम और तमन्ना की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेरठ रेफर कर दिया, लेकिन दोनों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव करौंदा पचदू निवासी कार चालक राहिद ने पुलिस को बताया कि अचानक सामने आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई थी। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उपाधीक्षक अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि परिजनों से संपर्क कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
निकाह की खुशियां मातम में बदलीं
परिजनों के अनुसार, तसलीम के छोटे भाई फईम का रविवार को निकाह होना है। घर में निकाह की तैयारियां चल रही थीं। तसलीम और तमन्ना भी इसी सिलसिले में सामान खरीदने नहटौर आए थे। परिवार को इंतजार था कि दोनों निकाह की तैयारियों के साथ घर लौटेंगे, लेकिन हादसे ने उनकी जिंदगी ही छीन ली। दंपती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में दो दिन बाद निकाह की शहनाई बजनी थी, वहां मातम छा गया।